अपडेटेड 14 May 2024 at 22:58 IST
'खुद का रिकॉर्ड देखो...' हार्दिक के सपोर्ट में उतरे गंभीर, डिविलियर्स और पीटरसन की लगा दी क्लास
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में काफी निराशाजनक रहा। जिसके लिए फैंस से लेकर कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक हार्दिक पांड्या को दोषी ठहरा रहे हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: आईपीएल 2024 से बाहर होने वाली पहली टीम जो थी वो हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस। मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन आईपीएल 2024 में काफी निराशाजनक रहा। जिसके लिए फैंस से लेकर कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक हार्दिक पांड्या को दोषी ठहरा रहे हैं।
इस कड़ी में कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटॉर गौतम गंभीर हार्दिक पांड्या के समर्थन में उतरे और उनके आलोचको को मुंहतोड़ जवाब दिया। इस दौरान गंभीर विदेशी एक्सपर्ट्स एबी डी विलियर्स और केविन पीटरसन पर जमकर बरसे। गंभीर ने एबी डिविलियर्स और केविन पीटरसन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को सबसे खराब कप्तानों में से एक बता दिया। हाल ही में पीटरसन और डिविलियर्स ने पंड्या की कप्तानी में खामियां बताई थी।
हार्दिक के समर्थन में उतेर गंभीर
गौतम गंभीर ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘हार्दिक पांड्या अभी किसी और फ्रेंचाइजी से मुंबई इंडियंस में शामिल हुए हैं। उन्हें नई टीम के साथ सेटल होने में थोड़ा वक्त लगेगा। उन्हें समय देना होगा। अगर आप अचानक से उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं तो ये गलत है। उन्हें थोड़े और समय की जरूरत है। हर दिन, हर मैच में उन्हें जज करना सही नहीं है।’
गंभीर ने आगे कहा, ‘जो एक्सपर्ट्स उनकी आलोचना कर रहे हैं, उन्हें बतौर कप्तान अपनी परफॉर्मेंस देखनी चाहिए। वो चाहे एबी डिविलियर्स हो या केविन पीटरसन। मुझे नहीं लगता कि उनकी कप्तानी में कोई अच्छा प्रदर्शन हुआ था। अगर आप उन दोनों खिलाड़ियों के बतौर कप्तान रिकॉर्ड्स देखेंगे तो उनका प्रदर्शन किसी भी कप्तान से काफी खराब है।’
Advertisement
टीम का प्रदर्शन मायने रखता है: गौतम गंभीर
गंभीर ने आगे कहा कि, 'एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं, ये जरूरी नहीं है, यह उनका काम है, ऐसा कुछ कहना या वैसा कुछ कहना। मेरा मानना हमेशा से यही रहा है कि आप किसी की भी कप्तानी को उसके टीम के प्रदर्शन के आधार पर जज कर सकते हो। अगर इस साल मुंबई इंडियंस ने अच्छा प्रदर्शन किया होता, तो सभी एक्सपर्ट्स उनकी तारीफ कर रहे होते। अगर मुंबई इंडियंस का पूरा सेटअप अगले साल भी ऐसा ही रहता है और हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस अच्छा प्रदर्शन करती है, तो 'सभी एक्सपर्ट्स जो अभी कह रहे हैं, उससे उलट बातें कहेंगे। आखिरकार प्रदर्शन ही मायने रखता है। इस बार मुंबई इंडियंस ने अच्छा नहीं किया, तो सभी इसके बारे में बात कर रहे हैं।'
प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ की रेस से सबसे पहले बाहर हुई और इस दौरान हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर बड़े सवाल खड़े हुए। दो साल बाद हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस में वापसी की थी। इससे पहले दो सीजन तक हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस की कप्तानी की थी और 2022 में टीम को ट्रॉफी भी जितवाई थी। 2023 में गुजरात टाइटंस फाइनल तक गई थीलेकिन चेन्नई सुपर किंग्स से हार गई थी। इस सीजन में जब पांड्या की मुंबई में रीएंट्री हुई थी तो लगा था मुंबई इंडियंस नए फॉर्म में नजर आएगी। फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक पांड्या को दे दी जिसके बाद से पांड्या को फैंस की हूटिंग का तो सामना करना पड़ा और इसका असर उनके खेल पर भी दिखा।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 14 May 2024 at 22:58 IST