'हर वो बल्ला मेरे पास, जिससे…', IPL के बीच पोंटिंग ने किया बड़ा खुलासा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान और IPL में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने खुद को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को कोचिंग दे रहे रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) ने खुद को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। दो बार के वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि उन्होंने हर वो बल्ला संभालकर रखा है, जिससे उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जड़ा है और उस पर विरोधी टीम का नाम और अपना स्कोर भी उन्होंने लिख रखा है। उन्होंने युवा क्रिकेटरों को किट देने को लेकर दिल्ली कैपिटल्स के एक कार्यक्रम में ये बात कही।
दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच पोंटिंग अपने दौर के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक थे। 2012 में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले पोंटिंग ने 71 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं, जिनमें 41 टेस्ट शतक शामिल हैं। पोंटिंग ने इस कार्यक्रम में कहा-
आप विश्वास करें या नहीं, लेकिन मेरे घर पर मेरा पहला बैट भी रखा है। इस पर स्टिकर्स लगे हैं। हमारे घर में करीब एक हजार बल्ले हैं। जिस भी बल्ले से मैंने इंटरनेशनल शतक जड़ा था, वो मेरे पास है। इस पर मैंने अपना स्कोर और विरोधी टीम का नाम भी लिखा है।
पोंटिंग की यादगार पारियों में भारत के खिलाफ 2003 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में जड़े नाबाद 140 रन शामिल हैं। उस समय भारतीय टीम के कप्तान रहे सौरव गांगुली अब दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक हैं और वो भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। गांगुली ने अपने पहले बल्ले के बारे में कहा-
मैं 13 साल का था जब पहला बल्ला खरीदा, गेंद को बल्ले से मारकर हवा में जाते देखकर मैं बहुत खुश होता था।
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को हराया है। इस जीत के साथ प्वॉइंट्स टेबल में दिल्ली की स्थिति मजबूत हुई है।
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)