IPL 2025 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को मिला नया कप्तान, चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के लिए कई बार बने थे संकटमोचन
होली के मौके पर दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नए कप्तान का एलान किया है। चैंपियंस ट्रॉफी में जो खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए संकटमोचन बने थे DC ने उसे कप्तान बनाया है।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2025: आईपीएल 2025 को शुरु होने में अब गिनती के दिन बचे हैं। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम ने अपने नए कप्तान का एलान कर दिया है। आईपीएल ऑक्शन के दौरान जब दिल्ली ने 14 करोड़ की बड़ी बोली के साथ केएल राहुल को टीम में शामिल किया था तो ऐसा लग रहा था कि वही अब डीसी के नए कप्तान होंगे, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ।
होली के मौके पर दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नए कप्तान का एलान कर दिया। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के लिए संकटमोचन का काम करने वाले ऑलराउंडर अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स ने अपना नया कप्तान बनाया है। आईपीएल 2025 में अक्षर दिल्ली की कमान संभालते दिखेंगे।
पहले ऋषभ पंत थे दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की कमान ऋषभ पंत के हाथों में थी पर आईपीएल 2025 ऑक्शन में लखनऊ सुपर जांयट्स ने 27 करोड़ की बड़ी धनराशि के साथ उन्हें खरीद लिया। जिसके बाद से दिल्ली फैंस के मन ये सवाल उठने लगा कि अब डीसी की कप्तानी कौन संभालेंगा? IPL खेलने वाली 10 में से 9 टीमों ने पहले ही अपने-अपने कप्तानों के नाम की घोषणा कर दी थी और अब दिल्ली को भी नया कप्तान मिल चुका है।
अक्षर पटेल 7 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के साथ
अक्षर पटेल ने अब तक 150 आईपीएल मैच खेले हैं और लगभग 131 की स्ट्राइक रेट से 1653 रन बनाए हैं। साथ ही, उन्होंने 7.28 के इकॉनमी रेट से 123 विकेट भी लिए हैं। हालांकि, उन्हें कप्तानी करने का अनुभव नहीं है। इस मामले में वो अभी कच्चे हैं। लेकिन, अपने ऑलराउंड खेल से वो दिल्ली कैपिटल्स की रीढ़ की हड्डी बने रहे हैं।
Advertisement
केएल राहुल ने किया था कप्तानी से मना
इसके अलावा 31 साल के अक्षर पटेल दिल्ली के साथ 7 सीजन से जुड़े हुए हैं। इसी वजह से उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया है। हालांकि, कप्तानी की रेस में पहले केएल राहुल का नाम छाया हुआ था। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केएल राहुल ने टीम का नेतृत्व करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद से अक्षर पटेल का रास्ता साफ हो गया। दिल्ली की टीम ने इस सीजन के लिए अक्षर को 16.50 करोड़ में रिटेन किया था।
दिल्ली कैपिटल्स का स्क्वॉड
अक्षर पटेल (कप्तान), कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, मिचेल स्टार्क, केएल राहुल, जेक फ्रेजर मैक्गर्क, टी नटराजन, करुण नायर, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, फाफ डु प्लेसी, मुकेश कुमार, दर्शन नलकंडे, विपराज निगम, दुष्मंता चमीरा, माधव तिवारी, त्रिपूर्ण विजय, मानवंत कुमार, अजय मंडल, डोनोवन फरेरा