अपडेटेड 13 April 2024 at 10:54 IST
हाय रे किस्मत! शरीर पर लगी गेंद फिर कैसे बोल्ड हुए वॉर्नर? LSG बनाम DC मैच का वायरल वीडियो
David Warner News: LSG के खिलाफ मैच में वॉर्नर अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
- खेल समाचार
- 2 min read

LSG vs DC Match Video: आईपीएल 2024 (IPL 2024) के 26वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स (LSG बनाम DC) से हुआ। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को जीत तो मिली लेकिन उनके स्टार ओपनर डेविड वॉर्नर (David Warner) को किस्मत ने धोखा दे दिया। LSG के खिलाफ मैच में वॉर्नर अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2024 में डेविड वॉर्नर उस अंदाज में नहीं खेल रहे हैं जिसके लिए वो जाने जाते हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भी वो बैटिंग के दौरान संघर्ष करते दिखे। बाएं हाथ के ओपनर ने 9 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 8 रन बना सके। छोटी पारी के दौरान वॉर्नर ने कई आड़े-तिरछे शॉट खेले, लेकिन अंत में यही शॉट उनके आउट होने का कारण बना।
वॉर्नर को किस्मत ने दिया धोखा!
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने स्कोरबोर्ड पर 167 रन बनाया। ये लक्ष्य दिल्ली कैपिटल्स के लिए आसान इसलिए नहीं था क्योंकि LSG कभी भी पहली पारी में 160 से ज्यादा रन बनाने के बाद नहीं हारी थी। पिच भी स्लो था इसलिए DC के बल्लेबाजों का कड़ा इम्तेहान था, लेकिन इस परीक्षा में डेविड वॉर्नर फेल हो गए।
चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर ने तेज गेंदबाज यश ठाकुर के खिलाफ स्लॉग करने की कोशिश की। ऑफ स्टंप के बाहर आकर लेग साइड में सिक्स लगाने के चक्कर में वॉर्नर को भारी कीमत चुकानी पड़ी। ऊपर से किस्मत ने भी धोखा दिया और गेंद उनके शरीर पर लगी और फिर टप्पा खाकर स्टंप से जा टकराई। वॉर्नर जब तक गेंद को बैट से रोकते तब तक उनके साथ खेल हो चुका था।
Advertisement
दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की दूसरी जीत
लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2024 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पॉइंट्स टेबल पर भी इसका फायदा हुआ और वो अब 10वें नंबर से आगे बढ़कर 9वें स्थान पर आ गए हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए ऋषभ पंत की टीम को जीत का मोमेन्टम बरकरार रखना होगा। DC का अगला मुकाबला 17 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से होगा।
इसे भी पढ़ें: 6,6,6... Jake Fraser ने क्रुणाल पंड्या को ऐसा धोया, स्पिनर को डालना पड़ा बाउंसर, स्पीड चौंकाने वाला
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 13 April 2024 at 10:48 IST