CSK vs PBKS IPL 2026: किंग्स ने सुपर किंग्स को धोया! श्रेयस की कप्तानी पारी से पंजाब ने चेन्नई को 5 विकेट से हराया

CSK vs PBKS IPL 2026: शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को अपने ही घर में पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 210 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आसानी से 5 विकेट से मैच जीत लिया।

Follow : Google News Icon  
CSK vs PBKS IPL 2026
CSK vs PBKS IPL 2026 | Image: BCCI

CSK vs PBKS IPL 2026: शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को एक बार फिर पंजाब किंग्स के सामने अपने ही घर में घुटने टेकने पड़े। जब चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 210 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने आसानी से 5 विकेट से मैच जीत लिया। 

बता दें, मैच में पंजाब ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला लिया था। इसके बाद चेन्नई ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 209 रन का बड़ा स्कोर बनाने में सफल हुए। लेकिन, यह बड़ा स्कोर भी चेन्नई डिफेंड नहीं कर पाई।

बता दें, इस सीजन में अबतक जहां पंजाब ने अपने दोनों मुकाबले जीते हैं, वहीं चेन्नई ने अपने दोनों मुकाबले गंवा दिए हैं। इससे पहले पंजाब ने गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हरा दिया था। वहीं चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था।

श्रेयस ने खेली कप्तानी पारी

पंजाब की बल्लेबाजी की बात करें तो पंजाब की टीम पूरे मुकाबले में चेन्नई पर हावी रही। ओपनर प्रियांश आर्या (11 गेंद में 39 रन) और प्रभसिमरन सिंह (34 गेंद में 43 रन) ने टीम को शानदार शुरूआत दी। इसके बाद कूपर कॉनॉली (22 गेंद में 36 रन) ने पारी को संभाला। 

Advertisement

लेकिन, इस बीच सबसे अहम रोल कप्तान श्रेयस की अर्धशतकीय पारी का रहा। उन्होंने मात्र 29 गेंद में ताबड़तोड़ 50 रन ठोक कर पंजाब को एक मजबूत स्थिति में लाने में टीम की मदद की। अपनी पारी में उन्होंने 3 छक्के और 4 चौके लगाए। 

चेन्नई की गेंदबाजी फ्लॉप

मैच में चेन्नई की गेंदबाजी की बात करें तो पिछले मुकाबले की तरह एक बार फिर चेपॉक ग्राउंड पर भी चेन्नई की खराब गेंदबाजी देखने को मिली। हालांकि अंशुल कंबोज और मैट हेनरी ने इस दौरान 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन बाकी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सके और चेन्नई को यह मैच 5 विकेट से गंवाना पड़ा।

Advertisement

नाकाम रही आयुष की आतिशी पारी 

चेन्नई की बल्लेबाजी की बात करें तो पिछले मैच में शून्य पर आउट होने वाले 20 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 5 गगनचुंबी छक्के और 6 चौके के साथ 73 रनों की आतिशी पारी खेली। हालांकि, उनकी यह पारी नाकाम रही। म्हात्रे के अलावा CSK की ओर से सरफराज खान (12 गेंद में 32 रन) और शिवम दुबे (27 गेंद में 45 रन) ने भी ताबड़तोड़ पारी खेली।

आज के मैच में पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाक सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने आयुष म्हात्रे और सरफराज खान जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (28) का विकेट लिया।

ये भी पढ़ें:  CSK vs PBKS: ट्रेनिंग में लौटे एमएस धोनी, बल्लेबाजी का किया अभ्यास; पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच का होंगे हिस्सा?

Published By :
Shashank Kumar
पब्लिश्ड