अपडेटेड 5 April 2025 at 20:20 IST
CSK vs DC: धोनी के संन्यास पर टिकी रही सबकी नजरें, घरेलू पिच में घुसकर दिल्ली ने चेन्नई को धो डाला, थाला के सिर फूटा ठीकरा
आईपीएल 2025 का 17वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने सीएसके को उसी के होम ग्राउंड पर 25 रनों से हराया।
- खेल समाचार
- 3 min read

CSK vs DC: आईपीएल 2025 का 17वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली ने चेन्नई को 25 रनों से हराया। दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 77 रनों की शानदार पारी खेली। केएल राहुल इस मैच के हीरो रहे।
इस हार के साथ ही ये आईपीएल के 18वें सीजन में चेन्नई की लगातार तीसरी हार रही। इससे पहले सीएसके को आरसीबी ने उनके होम ग्राउंड यानी चेन्नई में ही हराया था। फिर राजस्थान रॉयल्स ने गुवाहाटी में सीएसके को पटखनी दी और उसके बाद आज दिल्ली कैपिटल्स ने भी चेन्नई को उसके घर में धो डाला।
धोनी ने नाबाद 30 रन बनाए
मैच के दौरान धोनी के माता-पिता मैच देखने आए थे। धोनी के माता-पिता पहली बार अपने बेटे का मैच देखने ग्राउंड पर आए थे। उनके माता-पिता को ग्राउंड पर देखकर फैंस इस बात का अंदेशा लगाने लगे कि कहीं धोनी आईपीएल से संन्यास तो नहीं लेने वाले हैं। पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 26 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए। इस दौरान धोनी ने 1 चौका और 1 छक्का जड़ा। मैच में सीएसके की हार के बाद फैंस ने उनपर हार का ठीकरा फोड़ना शुरु कर दिया।
दिल्ली ने जीता टॉस
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 51 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। सीएसके की ओर से खलील अहमद ने दो विकेट चटकाए। बाकी रविंद्र जडेजा, नूर अहमद, और मथीशा पथिराना ने 1-1 विकेट निकाले।
Advertisement
चेन्नई की पारी का हाल
जीत के लिए CSK को 184 रनों की जरूरत थी। जिसमें रचिन रविंद्र रविंद्र 3, ड्वेन कॉन्वे 13, ऋतुराज गायकवाड़ 5, शिवम दुबे 18, रविंद्र जडेजा 2 बनाकर आउट हुए। सीएसके की ओर से एमएस धोनी नाबाद 30 और विजय शंकर नाबाद 69 रन बनाकर सीएसके के स्कोर को 5 विकेट के नुकसान पर 158 पर ले जा सके। इन सारी कोशिशों के बावजूद सीएसके 25 रनों से ये मैच हार गई। इस हार के साथ ही पॉइंट टेबल पर सीएसके 8वें स्थान पर आ गई और जीत के साथ दिल्ली पहले स्थान पर पहुंच गई।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 5 April 2025 at 20:07 IST