अपडेटेड 8 April 2025 at 17:12 IST
'हार्दिक को रोहित की जरूरत नहीं', रायुडू के बयान पर बवाल, LIVE शो में संजय बांगर ने दिखाई औकात!
अंबाती रायुडू ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हार्दिक को इनपुट की जरूरत है। कप्तान को अकेला छोड़ देना चाहिए। यह उसकी टीम है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ambati Rayudu Sanjay Bangar Debate: आईपीएल में 5 बार खिताब जीतने वाली टीम मुंबई इंडियंस पिछले 2 सालों से बुरी तरह संघर्ष कर रही है। इस सीजन भी MI की शुरुआत बेहद खराब रही। अब तक हुए 5 मैचों में हार्दिक पांड्या की टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा है। सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा दिया।
RCB बनाम MI मैच के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके अंबाती रायुडू ने एक ऐसा बयान दिया, जिसपर बवाल मचा हुआ है। लाइव शो में चर्चा के दौरान उन्होंने कह दिया कि हार्दिक पांड्या को रोहित शर्मा की सलाह की जरूरत नहीं है। अंबाती रायुडू के बयान को सुनकर भारत के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर थोड़े गुस्से में आ गए और उन्होंने रायुडू को करारा जवाब दिया।
रायुडू और संजय बांगर में जोरदार बहस
सबसे पहले ये बताते हैं कि आखिर इस बहस की वजह क्या है। दरअसल, रोहित शर्मा को इस सीजन मुंबई इंडियंस 'इम्पैक्ट खिलाड़ी' के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। MI को 5 बार चैंपियन बनाने वाले रोहित कप्तान हार्दिक को मैच के दौरान सलाह नहीं दे पा रहे हैं क्योंकि वो फील्डिंग के दौरान मैदान पर रहते ही नहीं हैं। मुंबई इंडियंस के इसी फैसले पर अंबाती रायुडू और संजय बांगर के बीच बहस हुई।
ईएसपीएन क्रिकइंफो पर चर्चा के दौरान अंबाती रायुडू और संजय बांगर के बीच इसी बात पर जोरदार बहस हुई। आइए बताते हैं कि दोनों में क्या बातचीत हुई।
Advertisement
संजय बांगर: मैं आपसे एक सवाल पूछना चाहता हूं, रायुडू। मुझे लगता है कि रोहित का मैदान पर न होना नेतृत्व के दृष्टिकोण से नुकसानदेह है। वह शायद हार्दिक को भी सही इनपुट दे सकते हैं।
अंबाती रायुडू: मुझे नहीं लगता कि हार्दिक को इनपुट की जरूरत है। कप्तान को अकेला छोड़ देना चाहिए। यह उसकी टीम है, उसका इनपुट है, और आप पिछले साल की तरह उसके कानों में 10 लोगों को नहीं डाल सकते। रोहित भारत के कप्तान हैं, और जब वह कप्तानी कर रहे हों तो कोई भी उनके कानों में नहीं पड़ना चाहता। आपको हार्दिक के साथ भी यही तरीका अपनाना चाहिए।
Advertisement
बांगर: लेकिन आप देखिए, जब आपको कोई प्रभावशाली खिलाड़ी मिलता है, तो आप विशेषज्ञों की तलाश करते हैं। और अगर मुझे दूसरे विकल्पों पर गौर करना है, तो MI के पास नमन धीर और तिलक हैं, जो गेंदबाजी नहीं करते। इसलिए, T20 सेटअप में, मैदान में इस तरह का अनुभव होना बहुत मूल्यवान है। आपके लिए, यह अलग था क्योंकि आपने कभी आईपीएल टीम का नेतृत्व नहीं किया। लेकिन यहां एक ऐसा व्यक्ति है जिसने टीम को कई आईपीएल खिताब दिलाए हैं।
रायुडू: लेकिन अब वह कप्तान नहीं है। यह हार्दिक की टीम है। चलिए इस बहस में नहीं पड़ते। रोहित एक बेहतरीन लीडर हैं। हम सभी इस बात को मानते हैं, लेकिन यह हार्दिक की टीम है, और वह जो भी उचित समझेंगे, करेंगे। रोहित का इनपुट हमेशा एक सब्स्टीट्यूट फील्डर से आ सकता है। इसके लिए उन्हें मैदान पर होने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि पिछले साल मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कप्तान नियुक्त किया था। इस निर्णय से क्रिकेट जगत में हड़कंप मची थी और MI के फैंस ने भी इसका विरोध किया था। जब से हार्दिक टीम के कप्तान बने हैं मुंबई का प्रदर्शन वैसा नहीं रहा है, जैसा रोहित के समय था। आईपीएल 2024 के पॉइंट्स टेबल पर MI आखिरी पायदान पर थी।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 8 April 2025 at 17:12 IST