21 दिन, 25 मैच, 350 से ज्यादा छक्के...IPL में सब हुआ पर सुपर ओवर नहीं, कब खत्म होगा फैंस का इंतजार
कई मैचों में तो एक पल ऐसा लगा कि सुपर ओवर भी देखने को मिलेगा। हालांकि ऐसा हुआ नहीं। अब फैंस को इंतजार है कि सुपर ओवर का सूखा कब खत्म होगा।
- खेल समाचार
- 2 min read

Super Over In IPL 2024: क्रिकेट के फटाफट फॉर्मेट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां सीजन जारी है। शुक्रवार (12 अप्रैल) तक आईपीएल 2024 में कुल 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं। कुछ मैच तो ऐसे हुए जिसमें रोमांच चरम पर रहा। फैंस और खिलाड़ी दोनों की धड़कनें तेज हुईं। खुब छक्के-चौके लगे। कई मैचों में तो एक पल ऐसा लगा कि सुपर ओवर भी देखने को मिलेगा। हालांकि ऐसा हुआ नहीं। अब फैंस को इंतजार है कि सुपर ओवर का सूखा कब खत्म होगा।
350 से अधिक छक्के, 25 मैच पर अबतक सुपर ओवर नहीं
आईपीएल 2024 में अबतक 25 मैच खेले गए हैं। इस दौरान 350 से अधिक छक्के लगे, लेकिन अबतक सुपर ओवर नहीं खेला गया। आईपीएल इतिहास की बात करें तो अबतक केवल 14 बार ही सुपर ओवर खेला गया है। सबसे पहला सुपर ओवर आईपीएल के दूसरे सीजन यानी 2009 में हुआ था। तब राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को शिकस्त दी थी।
अबतक हुए सुपर ओवर की पूरी लिस्ट
Advertisement
| 1 | 23 अप्रैल 2009 | राजस्थान ने कोलकाता को हराया |
| 2 | 21 मार्च 2010 | पंजाब ने चेन्नई टीम को शिकस्त दी |
| 3 | 16 अप्रैल 2013 | हैदराबाद टीम ने बेंगलुरु को हराया |
| 4 | 07 अप्रैल 2013 | बेंगलुरु ने दिल्ली को हराया |
| 5 | 29 अप्रैल 2014 | राजस्थान ने कोलकाता को हराया |
| 6 | 21 अप्रैल 2015 | पंजाब ने राजस्थान टीम को हराया |
| 7 | 29 अप्रैल 2017 | मुंबई ने गुजरात लायंस को शिकस्त दी |
| 8 | 30 मार्च 2019 | दिल्ली ने कोलकाता को मात दी |
| 9 | 02 मई 2019 | मुंबई ने हैदराबाद को शिकस्त दी |
| 10 | 20 सितंबर 2020 | दिल्ली ने पंजाब टीम को हराया |
| 11 | 29 सितंबर 2020 | बेंगलुरु ने मुंबई को हराया |
| 12 | 18 अक्टूबर 2020 | कोलकाता ने हैदराबाद को हराया |
| 13 | 18 अक्टूबर 2020 | पंजाब ने मुंबई को हराया |
| 14 | 25 अप्रैल 2021 | दिल्ली ने हैदराबाद को हराया |
2021 में हुए सुपर ओवर के बाद से अबतक आईपीएल में सुपर ओवर देखने को नहीं मिला है। अब फैंस इंतजार कर रहे हैं कि कब रोमांच के इस डबल डोज का सूखा खत्म होगा।
आईपीएल में हो चुका है डबल सुपर ओवर भी
Advertisement
एक बार आईपीएल में डबल सुपर ओवर भी देखने को मिल चुका है। यह रोमांचक मैच 2020 के आईपीएल सीजन में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुआ था। उस मैच में दोनों टीमों ने बराबर 176 रन बनाए थे। इसके बाद पहला सुपर ओवर हुआ। वह भी टाई रहा। फिर दूसरे सुपर ओवर में पंजाब किंग्स ने बाजी मारी थी। यह मुकाबला दुबई में खेला गया था।