Asian Games 2026: भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने फिर किया कमाल, चीन को पछाड़कर भारत को दिलाया सातवां गोल्ड मेडल; बनाया नया रिकॉर्ड
भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फाइनल में चीन को हराकर इतिहास रच दिया है। भारत की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को सातवां स्वर्ण पदक दिलाया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

जापान में चल रहे एशियाई खेल (Asian Games) 2026 के 11वें दिन भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को सातवां स्वर्ण पदक दिलाया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला तीरंदाजों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराकर 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। इस उपलब्धि को हासिल करते हुए टीम ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की है। यह पदक एशियाई खेलों में भारत के लिए सातवां गोल्ड मेडल साबित हुआ है।
गोल्ड पर निशाना लगाकर बनाया ये रिकॉर्ड
चिकिता, प्रीतिका और ज्योति की तिकड़ी ने मिलकर एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया। तीनों की तिकड़ ने मिलकर 238 अंकों का शानदार स्कोर किया। भारत की बेटियों ने चीन को हराकर ना सिर्फ गोल्ड मेडल जीता,बल्कि विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर इतिहास रच दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण कोरिया के नाम था, जिसने 2014 एशियाई खेलों के फाइनल में 238 अंक बनाए थे।
महिला तीरंदाजों की तिगड़ी ने किया कमाल
भारतीय टीम ने पूरे मैच में 24 शॉट्स में से 22 पर परफेक्ट 10 का स्कोर किया।चार सीरीज तक चले मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही बढ़त संभाले रखी। पहली सीरीज में भारतीय टीम ने परफेक्ट 60 अंक बनाए, जबकि चीन 58 पर सिमट गया। दूसरी सीरीज में भी भारत ने 59-58 से आगे बढ़ते हुए कुल तीन अंकों की बढ़त बना ली। तीसरी सीरीज में चीन ने परफेक्ट 60 का जवाब दिया, लेकिन भारत 59 अंक लेकर 178-176 की कुल बढ़त बनाए रखने में सफल रहा।
Advertisement
अंतिम सीरीज में भी भारतीय तीरंदाजों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड पक्का कर लिया। भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने 2023 में हांगझोउ में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इस गोल्ड मेडल ने देश भर के खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल पैदा कर दिया है।