FIFA World Cup 2026: कनाडा में नोरा फतेही और एलियाना ने दिखाया जलवा, ओपनिंग सेरेमनी ने जीता सबका दिल; VIDEO देख आप भी हो जाएंगे फिदा
FIFA World Cup 2026: कनाडा में फीफा वर्ल्ड कप 2026 की दूसरी ओपनिंग सेरेमनी ने सबका दिल जीत लिया। यहां नोरा फतेही से लेकर एलियाना की परफॉर्मेंस पर झूम उठा पूरा टोरंटो।
- खेल समाचार
- 3 min read

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का जश्न कनाडा पहुंच चुका है। शुक्रवार को टोरंटो के बीएमओ फील्ड में वर्ल्ड कप की दूसरी ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह पहली बार है जब वर्ल्ड कप की शुरुआत तीन मेजबान देशों में एक साथ हो रहे समारोहों से हुई है। इस भव्य कार्यक्रम को मशहूर इटैलियन क्रिएटिव डायरेक्टर मार्को बालिच ने तैयार किया था। यह शो तीन देशों में चल रही ओपनिंग सेरेमनी का दूसरा हिस्सा था, जबकि पहला कार्यक्रम गुरुवार को मेक्सिको सिटी में हुआ था। इसके बाद तीसरी और अंतिम ओपनिंग सेरेमनी अमेरिका में आयोजित की जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों की थीम एक ही थी, जिसका उद्देश्य यह दिखाना था कि फुटबॉल किस तरह से अलग-अलग संस्कृतियों और देशों को एक सूत्र में पिरोता है।
नोरा फतेही का जादुई प्रदर्शन
इस शो की सबसे बड़ी आकर्षण मोरक्को-कनाडाई स्टार नोरा फतेही रहीं। उन्होंने अपना फीफा सॉन्ग 'सीर सीर' गाया, जो मोरक्को के प्रसिद्ध फुटबॉल चैंट से प्रेरित है। 'सीर सीर' का अर्थ होता है चलो, चलो। नोरा को पूरा भरोसा था कि यह गाना पूरे टूर्नामेंट के दौरान सभी टीमों के लिए एक जोश भरने वाला एंथम साबित होगा। इस गाने को उन्होंने वेगेड्रीम और संजॉय के साथ मिलकर तैयार किया है। गाने की खास बात यह है कि इसमें मोरक्कन दारीजा, अरबी, फ्रेंच और इंग्लिश भाषाओं में है।
एलियाना और बाकी के स्टार्स ने भी बिखेरा जलवा
इस सेरेमनी में फलस्तीनी-चिली सिंगर एलियाना ने भी अपनी आवाज से दर्शकों के सामने शानदार प्रर्दशन किया। एलियाना भी वर्ल्ड कप के ऑफिशियल साउंडट्रैक का हिस्सा हैं और उनका गाना इल्यूमिनेट कनाडाई सिंगर जेसी रेयेज के साथ है। इस गाने को मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर सर्कट ने तैयार किया है, जो कैटी पेरी और माइली साइरस जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम कर चुके हैं।
टोरंटो के बीएमओ फील्ड में कनाडा और बोस्निया-हर्जेगोविना के मैच से 90 मिनट पहले यह शानदार कार्यक्रम हुआ। नोरा और एलियाना के अलावा इस मंच पर माइकल बुब्ले, एलानिस मॉरिसेट, अलेसिया कारा, जेसी रेयेज, वेगेड्रीम, संजॉय और विलियम प्रिंस जैसे दिग्गज कलाकारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
Advertisement
मेजबान देशों में उत्साह
इससे पहले गुरुवार को मेक्सिको सिटी में ओपनिंग सेरेमनी हुई थी, जिसमें शकीरा और बर्ना बॉय ने परफॉर्म किया था। इसके बाद मेक्सिको और साउथ अफ्रीका का मैच खेला गया था। 2026 का यह वर्ल्ड कप इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि इसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको मिलकर इस खेल के महाकुंभ की मेजबानी कर रहे हैं, जिससे पूरी दुनिया में फुटबॉल का एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है।