विराट कोहली ने टेस्ट रिटायरमेंट पोस्ट में क्यों किया '269' का जिक्र? जानें भारतीय क्रिकेट में क्या हैं इसके मायने
Virat Kohli Retirement: विराट कोहली ने अपने रिटायरमेंट पोस्ट में जिस 269 नंबर का जिक्र किया है, उसके बहुत खास मायने हैं। ये '269' नंबर विराट कोहली के साथ तब से है, जब उन्होंने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था।
- खेल समाचार
- 3 min read

Virat Kohli Retirement: पिछले 2-3 दिनों से जो खबर आग की तरह फैल रही थी उसपर अब मुहर लग चुकी है। जी हां, विराट कोहली ने अपने लाखों फैंस का दिल तोड़ दिया है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ने सोमवार, 12 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए ये दूसरा झटका है। इससे पहले रोहित शर्मा ने भी इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी।
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने '269' नंबर का जिक्र किया है। सोशल मीडिया पर हजारों फैंस इस 269 के बारे में जानना चाहते हैं और ये X प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड भी कर रहा है।
विराट कोहली ने क्यों किया 269 का जिक्र?
दरअसल, विराट कोहली ने अपने रिटायरमेंट पोस्ट में जिस 269 नंबर का जिक्र किया है, उसके बहुत खास मायने हैं। ये '269' नंबर विराट कोहली के साथ तब से है, जब उन्होंने भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। विराट कोहली भारत के लिए टेस्ट में खेलने वाले 269वें खिलाड़ी थे। भारतीय क्रिकेट की परंपरा के अनुसार जो भी प्लेयर टेस्ट में डेब्यू करता है उसके कैप में एक नंबर लिखी होती है। आसान शब्दों में कहें तो कोहली भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 269वें खिलाड़ी थे, इसलिए उनके टेस्ट कैप पर 269 लिखा था। जानकारी के लिए बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी लाला अमरनाथ थे।
विराट कोहली ने शेयर किया भावुक पोस्ट
भारत के लिए 123 टेस्ट खेलने के बाद विराट कोहली ने इस फॉर्मेट को अलविदा कहा। उन्होंने भावुक पोस्ट में लिखा, ''टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। सफेद कपड़ों में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। जब मैं इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है - लेकिन यह सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है। मैं खेल के लिए, मैदान पर खेलने वाले लोगों के लिए और हर उस व्यक्ति के लिए आभार से भरा दिल लेकर जा रहा हूं जिसने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा।
Advertisement
कोहली के 'विराट' टेस्ट सफर का अंत
विराट कोहली ने 2011 में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए उस मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 15 रन बनाए थे। क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में कोहली ने 123 मैच खेले और 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 शतक और 31 अर्धशतक जड़े हैं।
इसे भी पढ़ें: Virat Kohli Retirement: कोहली के 'विराट' टेस्ट सफर का अंत, इमोशनल पोस्ट शेयर कर किया रिटायरमेंट का ऐलान