अपडेटेड 24 August 2024 at 09:07 IST
शिखर धवन को क्यों कहते हैं मिस्टर ICC? सचिन-कोहली भी नहीं कर सके 'गब्बर' जैसा ये कारनामा
Shikhar Dhawan Retirement: शिखर धवन को आईसीसी टूर्नामेंट का बादशाह और मिस्टर ICC भी कहा जाता है। क्या है इसके पीछे की वजह? आइए जानते हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

Shikhar Dhawan Retirement: शनिवार, 24 अगस्त 2024 को सुबह-सुबह भारतीय क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा। टीम इंडिया के स्टार ओपनर शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया। धवन ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की।
इस खबर के बाद से सोशल मीडिया पर शिखर धवन और 'गब्बर' ट्रेंड होने लगा। फैंस ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को याद किया और तारीफों के पुल बांधे। शिखर धवन को आईसीसी टूर्नामेंट का बादशाह और मिस्टर ICC भी कहा जाता है। क्या है इसके पीछे की वजह? आइए जानते हैं।
शिखर धवन को क्यों कहते हैं मिस्टर ICC?
शिखर धवन भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेले हैं लेकिन एकदिवसीय क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। 'गब्बर' के नाम से मशहूर धवन ने देश के लिए 167 ODI मुकाबले खेले। इस दौरान 44.11 की औसत और 91.35 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए उन्होंने 6,793 रन बनाए हैं जिसमें 17 शतक और 39 अर्धशतक शामिल है। 2010 से लेकर 2022 तक उन्होंने भारत के लिए ODI में चार आईसीसी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और चारों में उनका प्रदर्शन शानदार रहा।

Advertisement
2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में सबसे अहम रोल
2013 में इंग्लैंड में हुए चैंपियंस ट्रॉफी में शिखर धवन ने बल्ले से कमाल किया था। वो टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। बाएं हाथ के बैटर ने इस दौरान दो शतक भी जड़े थे। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी शिखर धवन ने 24 गेंदों पर 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। 11 साल पहले भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में धवन का सबसे अहम रोल रहा था।
Advertisement
2015 में हुए 50-ओवर वर्ल्ड कप में भी शिखर धवन का प्रदर्शन दमदार रहा। भारत ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और यहां तक पहुंचाने में गब्बर ने अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया में हुए विश्व कप में वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद 2017 में हुए चैंपियंस ट्रॉफी में भी उन्होंने तहलका मचाया और सबसे अधिक रन बनाए। भारत को फाइनल में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा लेकिन शिखर धवन को गोल्डन बैट मिला। बता दें कि धवन एकमात्र ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने लगातार दो चैंपियंस ट्रॉफी में गोल्डन बैट का अवॉर्ड अपने नाम किया है।
शिखर धवन का अंतरराष्ट्रीय करियर
शिखर धवन ने 2010 में भारत के लिए डेब्यू किया था। अपने पहले वनडे मैच में वो शून्य पर आउट हुए थे। गब्बर ने दो साल बाद अपने टेस्ट डेब्यू पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में शानदार शतक जड़कर साबित कर दिया कि वो लंबे रेस के घोड़े हैं। उसके बाद कई सालों तक वो टीम इंडिया के रेगुलर सदस्य रहे। शिखर धवन ने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच खेले हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार से अधिक रन हैं। आईपीएल में गब्बर ने 222 मुकाबले खेले हैं और 35.07 की औसत से खेलते हुए 6,768 रन बनाए हैं।
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 24 August 2024 at 09:07 IST