सैंटनर के फुलटॉस पर विराट कोहली ने टेके घुटने तो सामने आया शर्मनाक रिकॉर्ड, हैरान कर देंगे ये आंकड़े
Virat Kohli: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत का संघर्ष जारी है। पुणे टेस्ट के दूसरे दिन विराट कोहली सिर्फ एक रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने।
- खेल समाचार
- 3 min read

India vs New Zealand 2nd Test: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत का संघर्ष जारी है। बेंगलुरू में मिली हार के बाद उम्मीद थी कि भारतीय बल्लेबाज कुछ सबक लेंगे लेकिन पुणे में भी अभी तक वही कहानी दोहराई जा रही है। दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और स्कोरबोर्ड पर 259 रन बनाए। इसके बाद पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले रोहित शर्मा के विकेट के रूप में भारत को बड़ा झटका लगा।
दूसरे दिन टीम इंडिया ने 16 रन पर एक विकेट से आगे का खेल शुरू किया। यशस्वी जायसवाल के साथ कुछ देर तक क्रीज पर समय बिताने के बाद शुभमन गिल स्पिनर मिचेल सैंटनर का शिकार हुए। इसके बाद क्रीज पर उतरे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली। पुणे के मैदान पर किंग कोहली से विराट पारी की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने एक बार फिर करोड़ों भारतीय फैंस का दिल तोड़ दिया। वो सिर्फ एक रन बनाकर सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए और भारत को और मुसीबत में डालकर पवेलियन लौट गए।
सैंटनर की फुलटॉस पर कोहली बोल्ड
ऐसा नहीं है कि विराट कोहली पुणे टेस्ट की पहली पारी में जिस गेंद पर आउट हुए वो कोई स्पेशल थी। 24वें ओवर में लगातार तीन डॉट गेंद खेलने के बाद वो थोड़े परेशान दिखे। अगली गेंद फेंके जाने से पहले ही उन्होंने मन बना लिया था कि वो कुछ अलग शॉट खेलेंगे। मिचेल सैंटनर की फुलटॉस पर वो स्वीप मारने गए और क्रीज में ही फंसे रह गए। गेंद बल्ले के बगल से निकला और गिल्लियां बिखर गई।
सामने आया शर्मनाक रिकॉर्ड
Advertisement
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में विराट कोहली के आउट होते ही एक ऐसा आंकड़ा सामने आया जिसे देखकर आप हैरान हो जाएंगे। एक समय था जब कोहली स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बेबाक अंदाज में खेलते थे और ढेर सारे रन बनाते थे। 2016-17 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया था और साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुणे में ही दोहरा शतक जड़ा था। हालांकि, 2021 के बाद से वो स्पिनरों के खिलाफ सरेंडर होते दिखे हैं।
एशिया कप 2021 के बाद से विराट कोहली स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं। इस दौरान वो 26 पारियों में से 21 बार स्पिन गेंदबाजों का शिकार बने हैं। इस बीच उनका औसत सिर्फ 28.85 का रहा है। कोहली का सबसे बुरा हाल बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज कर रहे हैं। आलम ये है कि 2021 एशिया कप के बाद से वो 10 बार लेफ्ट आर्म स्पिनर की गेंद पर आउट हुए हैं और उनका औसत 27.10 का रहा है।
Advertisement
पुणे टेस्ट में भारी संकट में भारत
न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में भारत की स्थिति बेहद नाजुक है। दूसरे दिन लंच से पहले ही टीम इंडिया के 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं और स्कोर पर 100 का आंकड़ा भी नहीं पार हुआ है। कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए, शुभमन गिल 30 रन बनाकर चलते बने। कोहली एक के स्कोर पर बोल्ड हुए। पिछले मैच के दो हीरो ऋषभ पंत और सरफराज खान भी पहली पारी में कमाल नहीं दिखा सके और जल्दी पवेलियन लौट गए।