T20 World Cup IND Vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच पर अभी भी संकट बरकरार, अगर हुआ ऐसा तो रद्द हो जाएगा महामुकाबला?
टी-20 विश्व कप 2026 अब अपने चरम पर है। भारतीय टीम ने गुरुवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ 93 रन से जीत हासिल की।
- खेल समाचार
- 2 min read

टी-20 विश्व कप 2026 अब अपने चरम पर है। भारतीय टीम ने गुरुवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ 93 रन से जीत हासिल की। लेकिन क्रिकेट जगत की असली निगाहें रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।
इस महामुकाबले से पहले मैदान के बाहर काफी नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा मैच के बहिष्कार की चर्चाओं और फिर यू-टर्न लेने के बाद अब स्थिति साफ है, लेकिन अब प्रकृति इस खेल में सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। फरवरी का महीना कोलंबो में मौसम के लिहाज से बारिश वाला रहा है। टूर्नामेंट से पहले कई वार्म-अप मैच भी बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं।
15 फरवरी को भी बारिश के आसार
एक्यूवेदर के अनुसार, 12 फरवरी से एक बार फिर कोलंबो का मौसम बुरी तरह से खराब होने वाला है। 12 से लेकर 14 फरवरी के बीच यहां भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। 15 फरवरी को भी यहां दिन में 17 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। इस दौरान करीबी 28 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। हालांकि राहत की बात ये है कि शाम के समय मैच के दौरान बारिश की संभावना न के बराबर है। इसका मतलब कि क्रिकेट फैंस पूरा मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।
Advertisement
देरी से शुरू हो सकता है मैच
स्थानीय समयानुसार शाम 6:00 बजे गरज के साथ बौछारें पड़ने की भविष्यवाणी की गई है, जिससे टॉस और मैच की शुरुआत में देरी हो सकती है। रात 8:00 बजे के आसपास बादल छंटने की उम्मीद तो है, लेकिन हल्की बूंदाबांदी खेल में खलल डाल सकती है।
Advertisement
कोई रिजर्व डे नहीं
इस स्थिति की सबसे जरूरी बातों में से एक यह है कि IND vs PAK मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर मैच बारिश की वजह से रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट शेयर करना होगा। इससे टूर्नामेंट में ग्रुप स्टैंडिंग पर काफी असर पड़ सकता है।