सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया से बाहर, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर बोले- उनका मौजूदा फॉर्म कारण, श्रेयस कप्तानी के हकदार

Suryakumar Yadav dropped: टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के साथ ही टीम से भी बाहर कर दिया गया है। आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है।

Suryakumar Yadav DROPPED FROM TEAM INDIA
Suryakumar Yadav DROPPED FROM TEAM INDIA | Image: BCCI

Suryakumar Yadav Indian Team Exit: आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए 6 जून, शनिवार को टीम इंडिया का ऐलान किया गया। इस सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया के कप्तान बनाया गया है। वहीं, मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने के साथ-साथ टीम में भी जगह नहीं मिली है। इस पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने उनके फॉर्म को बड़ा कारण बताया है। 

सूर्या की जगह श्रेयस को टीम इंडिया की कमान

सूर्यकुमार यादव की जगह टीम इंडिया की कप्तानी का जिम्मा श्रेयस अय्यर को मिला है। वहीं, तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। सूर्या को टीम से हटाने पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने टीम सेलेक्शन मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘सूर्यकुमार यादव के खिलाफ यह फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन उनका मौजूदा फॉर्म इसका सबसे बड़ा कारण है।’

‘श्रेयस कप्तानी के हकदार’- अगरकर 

वहीं, अगरकर ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी कौशल पर बात करते हुए कहा, 'पिछले कुछ वर्षों में हमने श्रेयस की कप्तानी को करीब से देखा है। उन्होंने अलग-अलग फ्रेंचाइजी का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। उन्होंने अपनी टीम को खिताब भी दिलाया और व्यक्तिगत तौर पर भी उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।’

इसके अलावा चीफ सेलेक्टर ने कहा, 'साथ ही हमने अगले दो साल के चक्र और टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए फैसला किया है। हमें लगा कि आगे बढ़ने के लिए यही सबसे बेहतर रास्ता है और श्रेयस इस जिम्मेदारी के पूरी तरह हकदार हैं।’ 

Advertisement

सूर्या की कप्तानी में 77% जीत प्रतिशत 

भारतीय टी20 टीम के कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव का सफर बेहद शानदार और बेमिसाल रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने कुल 52 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 40 में यादगार जीत दर्ज की, जबकि केवल 8 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा (दो मैच टाई रहे और दो बेनतीजा रहे)। 76.96% के अविश्वसनीय जीत प्रतिशत के साथ सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हारी। इतना ही नहीं, उनके कुशल नेतृत्व में ही भारत ने एशिया कप 2025 और इस साल का टी20 वर्ल्ड कप जीतकर क्रिकेट जगत में अपनी बादशाहत साबित की है।

15 साल के वैभव को टीम में जगह 

इस स्क्वाड में सबसे दिलचस्प है कि 15 वर्षीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में जगह मिली है। इसी के साथ टीम में पहली बार सिलेक्ट होने के दिन सबसे कम उम्र के मामले में वैभव ने शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले शेफाली पुरुष और महिला क्रिकेट मिलाकर भारतीय टीम के लिए चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी थीं। शेफाली जब पहली बार चुनी गई थीं, तब वह 15 साल, 220 दिन की थीं। वहीं, पुरुष क्रिकेटर्स में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन 16 साल, 194 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुने गए थे। जबकि वैभव सूर्यवंशी की उम्र अभी सिर्फ 15 साल 71 दिन है।

Advertisement

ये भी पढ़ें:  BREAKING: आयरलैंड , इंग्‍लैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को T-20 टीम में मिली जगह, श्रेयस अय्यर बने कप्‍तान; देखें LIST

Published By:
 Shashank Kumar
पब्लिश्ड