अपडेटेड 17 February 2026 at 15:04 IST
भारत-पाकिस्तान मैच के बाद ऐसा क्या हुआ? सुनील गवास्कर-कपिल देव सहित 14 पूर्व दिग्गज कप्तानों ने लिखी शहबाज शरीफ को चिट्ठी
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की खराब हो रही सेहत और आंखों की रोशनी लगभग खत्म हो जाने की रिपोर्ट के बीच क्रिकेट जगत ने गंभीर चिंता जताई है।
- खेल समाचार
- 3 min read

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की खराब हो रही सेहत और आंखों की रोशनी लगभग खत्म हो जाने की रिपोर्ट के बीच क्रिकेट जगत ने गंभीर चिंता जताई है। दिग्गज क्रिकेटर्स सुनील गावस्कर, कपिल देव, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ समेत दुनियाभर के 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के लिए अपनी आवाज बुलंद की है। इन क्रिकेट दिग्गजों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खत लिखकर इमरान खान की जेल में उनके पसंद के डॉक्टरों से तत्काल इलाज कराने, परिवार से नियमित मुलाकात और बिना किसी देरी के निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया का अधिकार देने की मांग की है।
इस चिट्ठी पर ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, सुनील गावस्कर, कपिल देव, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरली, डेविड गावर, किम ह्यूजेस, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट ने साइन किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, किसी भी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने इस चिट्ठी पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। हालांकि पिछले हफ्ते वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी समेत कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर इमरान के लिए उचित देखभाल की मांग की थी।
पत्र में क्या कहा गया?
पत्र में पूर्व कप्तानों ने लिखा है, 'हम, अपने-अपने देशों की राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, इमरान खान की हिरासत और उनके साथ हो रहे व्यवहार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं। इमरान खान विश्व क्रिकेट के महानतम ऑलराउंडरों और कप्तान में से एक रहे हैं। उन्होंने 1992 विश्व कप में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो खेल भावना और नेतृत्व का प्रतीक थी।'
Advertisement
आगे कहा गया, ‘हालिया रिपोर्टों में उनकी सेहत, खासकर दृष्टि कमजोर होने की खबरें बेहद चिंताजनक हैं। हम पाकिस्तान सरकार से आग्रह करते हैं कि उन्हें तत्काल, पर्याप्त और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, हिरासत की स्थिति मानवीय और गरिमापूर्ण होनी चाहिए।’ पत्र के अंत में लिखा गया है, 'क्रिकेट हमेशा देशों के बीच एक ब्रिज (सेतु) का काम करता रहा है। प्रतिद्वंद्विता पिच तक सीमित रहती है, सम्मान हमेशा कायम रहता है। हम यह अपील खेल भावना और मानवीय मूल्यों के तहत कर रहे हैं, किसी कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप के उद्देश्य से नहीं।'
कोई पाकिस्तानी क्रिकेटर नहीं आया सामने
Advertisement
पिछले सप्ताह वसीम अकरम, वकार यूनिस और शाहिद अफरीदी जैसे पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर बेहतर चिकित्सा सुविधा की मांग की थी, लेकिन इस औपचारिक याचिका पर किसी पाकिस्तानी पूर्व कप्तान के हस्ताक्षर नहीं हैं। आपको बता दें कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद उन पर भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज हुए। दिसंबर 2025 में उन्हें 31 साल की सजा सुनाई गई। दिसंबर 2025 में उनके बेटे सुलेमान ने कहा था, 'वह एक बहुत छोटी कोठरी में हैं, जिसे डेथ सेल कहा जाता है।'
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 17 February 2026 at 15:04 IST