शुभमन गिल फरवरी के आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए नामित
भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल को ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स के साथ फरवरी के आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए नामित किया गया है।
- खेल समाचार
- 1 min read

पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल को ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स के साथ फरवरी के आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए नामित किया गया है।
शीर्ष क्रम के बल्लेबाज गिल ने फरवरी में खेले गए पांच वनडे मैच में 101.50 के औसत और 94.19 के स्ट्राइक-रेट से 406 रन बनाए। वह चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के साथ दुबई में हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में गिल ने शानदार प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने 87 (नागपुर में), 60 (कटक में) और 112 (अहमदाबाद में) रन बनाए। श्रृंखला में मेजबान टीम पर 3-0 की क्लीन स्वीप में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
गिल ने फिर चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए और पाकिस्तान के खिलाफ 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। भारत अब आईसीसी के इस टूर्नामेंट के फाइनल में रविवार को न्यूजीलैंड से खेलेगा।