T20 World Cup जीतने के बाद थर्ड AC में कंबल से चेहरा छिपा घर पहुंचा ये स्टार भारतीय क्रिकेटर, मजबूरी ऐसी कि TC से भी छिपानी पड़ी पहचान
सभी खिलाडि़यों ने अहमदाबाद से सीधी फ्लाइट पकड़ी लेकिन एक खिलाड़ी को ट्रेन के थर्ड AC में अपर बर्थ पर कंबल में खुद को छिपाकर यात्रा करनी पड़ी।
- खेल समाचार
- 4 min read

टीम इंडिया ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में हराते हुए लगातार दूसरी और रिकॉर्ड तीसरी बार ये खिताब अपने नाम किया। चुकिं इस बार टीम इंडिया की जीत के बाद कोई विक्ट्री परेड नहीं निकाली गई लिहाजा सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट गए।
सभी खिलाडि़यों ने अहमदाबाद से सीधी फ्लाइट पकड़ी लेकिन एक खिलाड़ी को ट्रेन के थर्ड AC में अपर बर्थ पर कंबल में खुद को छिपाकर यात्रा करनी पड़ी। ये खिलाड़ी कोई ऐसा वैसा नहीं बल्कि वो था जिसने विश्वकप जीताने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल मैच के स्लॉग ओवरों में उसने 8 गेंदों में 3 चौके और दो छक्कों के दम पर नाबाद 26 रनों की पारी खेली थी। जी हां हम बात कर रहे हैं ऑलराउंडर शिवम दुबे की।
आखिर शिवम दुबे को क्यों करनी पड़ी ट्रेन से यात्रा, पत्नी भी थीं साथ
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह शिवम दुबे मुंबई जाने की जल्दी में थे। लेकिन सभी उड़ानें पूरी तरह से बुक हो चुकी थीं, ऐसे में उन्होंने अपनी पत्नी अंजुम और एक दोस्त के साथ ट्रेन से जाने का फैसला किया। दुबे के चार साल के बेटे अयान और दो साल की बेटी मेहविश, मुंबई में घर पर थीं। दुबे को उनके पास जाने की जल्दी थी। ऐसे में उन्होंने अपनी पहचान छुपाकर जाने का फैसला लिया। इन तीनों ने अहमदाबाद-मुंबई सयाजी एक्सप्रेस के थर्ड एसी का टिकट हासिल किया।
Advertisement
ट्रेन में शिवम दुबे ने ऐसे छिपाई अपनी पहचान
इस दौरान दुबे को पहचानना आसान हो सकता था, इसलिए उन्होंने एक टोपी पहनी, चेहरे पर मास्क लगाया और फिर स्टेशन गए। स्टेशन में भारतीय फैंस की भारी भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी पत्नी और दोस्त को पहले भेजा और रवानगी से ठीक 5 मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर ट्रेन में चढ़े। यहां वो सीधे सबसे ऊपर की बर्थ पर जाकर लेट गए। इतना ही नहीं, जब टिकट चेकर आया तो शिवम दुबे का नाम पढ़कर हैरान हो गया। जब उसने पूछा कि ये क्रिकेटर है तो वो दुबे की पत्नी अंजुम ने जाहिर तौर पर मना कर दिया।
Advertisement
मुंबई पहुंचने पर पुलिस ने किया एस्कॉर्ट
आखिरकार बिना किसी के पहचाने शिवम दुबे आराम से ट्रेन में सोते हुए मुंबई पहुंचे। हालांकि, उन्हें मुंबई में बोरिवली स्टेशन पर अपनी पहचान जाहिर होने का डर था। ऐसे में उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, जो खुद इस बात से हैरान थी कि वो ट्रेन से लौट रहे हैं। आखिर में पुलिस ने स्टेशन पहुंचकर उन्हें एस्कॉर्ट किया और बिना किसी तमाशे के सुरक्षित घर पहुंचा दिया। दुबे ने बताया कि उन्होंने ये सब इसलिए किया क्योंकि वो अपने दोनों बच्चों से मिलने के लिए बेकरार थे और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकते थे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शिवम दुबे का प्रदर्शन
शिवम दुबे भले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में नहीं दिखेंगे, लेकिन इससे उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। भारतीय फैंस को उनकी अहमियत पता है। जब भी टीम इंडिया फंसी हुई थी या आखिरी ओवरों में तेज गति से रन बनाने की जरूरत थी, तब शिवम दुबे ने अपना हाथ खड़ा किया और छोटी मगर धमाकेदार पारी खेली। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मौके पर दो चौके हों या इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 25 गेंदों पर 43 रन, उन्होंने टीम के लिए बेहद कीमती रन बनाए जो आखिर में जीत और हार का फर्क बना।