अपडेटेड 26 February 2024 at 08:42 IST

रोहित पर जान लुटाते हैं सरफराज, फिर हिटमैन ने क्यों कहा- हीरो मत बन? बात दिल्ली पुलिस तक पहुंची

सरफराज खान टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पर जान लुटाते हैं, लेकिन रांची टेस्ट के दौरान हिटमैन ने उन्हें मैदान पर डांटा। दिल्ली पुलिस भी एक्टिव हो गई।

Follow : Google News Icon  
rohit sharma said hero mat ban tu sarfaraz
सरफराज खान और रोहित शर्मा | Image: instagram/pti

IND vs ENG 4th Test: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) मैदान पर हों और एंटरटेनमेंट का तड़का नहीं लगे, ऐसा कैसे हो सकता है। इंग्लैंड के खिलाफ रांची में खेले जा रहे टेस्ट के चौथे दिन हिटमैन ने फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने फील्डिंग के दौरान सरफराज खान (Sarfaraz Khan) को मजाकिया अंदाज में फटकार लगाई लेकिन ये उनके भले के लिए था। लेकिन दिलचस्प तो ये है कि रांची के मैदान पर घटी ये बात दिल्ली पुलिस (Delhi Police) तक पहुंच गई है।

इंग्लैंड सीरीज के दौरान टेस्ट डेब्यू करने वाले बल्लेबाज सरफराज खान टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पर जान लुटाते हैं। उन्होंने कई बार ये कहा है कि हिटमैन उनके फेवरेट खिलाड़ी है। लेकिन रांची टेस्ट में रोहित ने सरफराज को डांट लगाई और ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

रोहित ने सरफराज को क्यों डांटा

रांची में चल रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन सरफराज खान शॉर्ट लेग पर फील्डिंग कर रहे थे। तभी स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने उन्हें डांटा। दरअसल, सरफराज वहां बिना हेलमेट के फील्डिंग करना चाहते थे। इसके बाद रोहित ने उन्हें टोकते हुए कहा कि 'ए भाई... ज्यादा हीरो मत बन।' कप्तान की बात सुनने के बाद सरफराज ने तुरंत ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा किया और हेलमेट मंगवाई। उनका ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

बात दिल्ली पुलिस तक पहुंची

रांची में रोहित शर्मा ने सरफराज खान को हेलमेट ना पहनने की वजह से टोका तो दिल्ली पुलिस भी एक्टिव हो गई। उन्होंने मौके की नजाकत को समझते हुए लोगों के लिए खास संदेश भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ''टू-व्हीलर पर हीरो नहीं बनने का...हमेशा हेलमेट पहनने का।''

Advertisement

रांची टेस्ट में छाए ध्रुव जुरेल

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के युवा खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान के बाद विकेट कीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी जलवा दिखाया और रांची टेस्ट की पहली पारी में 90 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 300 रनों का आंकड़ा क्रॉस किया और अब टेस्ट मैच जीतने की दहलीज पर है। 

इसे भी पढ़ें: बेटा हो तो ऐसा... ध्रुव जुरेल के पिता ने मैच से पहले की थी ये मांग, यूं ही नहीं फिफ्टी जड़ किया सलाम

Advertisement


 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 26 February 2024 at 08:42 IST