चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर बीच मैदान पर स्टंप लेकर डांडिया खेलने लगे रोहित-विराट, दिल छू लेगा ये VIDEO
IND vs NZ Final: रोहित और कोहली मैदान पर पहुंचे और स्टंप के साथ डांडिया खेलने लगे, वहीं जडेजा और अर्शदीप सिंह को भी भांगड़ा करते हुए देखा गया।
- खेल समाचार
- 2 min read

Champions Trophy: रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। दुबई में खेले गए फाइनल मैच को भारत ने 4 विकेट से जीतकर तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया। शानदार जीत के बाद ऐसा लम्हा आया जिसे देखने के लिए भारतीय फैंस बेताब थे। टीम इंडिया के दो धुरंधर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने एक दूसरे को गले लगाया और फिर जश्न मनाने के लिए मैदान में पहुंच गए।
दुबई में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है जिसमें रोहित-कोहली स्टंप के साथ बीच मैदान पर डांडिया खेल रहे हैं।
रोहित-कोहली ने डांडिया खेल मनाया जश्न
चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में विराट कोहली भले ही बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन इससे पहले सेमीफाइनल और ग्रुप स्टेज में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में रोहित शर्मा का बल्ला बोला और हिटमैन ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जीत के बाद टीम इंडिया जश्न में डूब गई। रोहित और कोहली मैदान पर पहुंचे और स्टंप के साथ डांडिया खेलने लगे, वहीं जडेजा और अर्शदीप सिंह को भी भांगड़ा करते हुए देखा गया।
रोमांचक मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय स्पिनरों के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नाचते दिखे। वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 252 रनों का लक्ष्य रखा जिसे टीम इंडिया ने 6 गेंद शेष रहते ही हासिल कर इतिहास रच दिया। बता दें कि भारत ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया है। इससे पहले 2002 और 2013 में भारत ने ये खिताब जीता था।