टीम इंडिया की जीत के बाद बेटी को गोद में उठाकर सेलिब्रेट करते दिखे जडेजा, पंत ने भी निध्याना संग जमकर की मस्ती
Ravindra Jadeja Daughter: टीम इंडिया ने चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। रवींद्र जडेजा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो अपनी बेटी संग खेलते दिखे।
- खेल समाचार
- 2 min read

Ravindra Jadeja Daughter: टीम इंडिया ने ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई में हुआ था जिसमें टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया है। इतनी बड़ी जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर ही जमकर जश्न मनाया। इस बीच, रवींद्र जडेजा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो अपनी बेटी निध्याना के साथ खेलते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भारत की जीत के बाद लोगों के रिएक्शन की बाढ़ सी आ गई है। फाइनल में भारत को जीत के लिए 252 रनों का टारगेट मिला था, जिसे टीम इंडिया ने 49वें ओवर की आखिरी बॉल पर हासिल कर लिया। अब लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कल रात देशभर में भारत की जीत की खुशी में पटाखे भी फोड़े गए।
जीत के बाद बेटी संग खेलते नजर आए जडेजा
ये वीडियो खुद ICC ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है जिसपर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। इसमें दिख रहा है कि कैसे चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद रवींद्र जडेजा ने अपनी बेटी निध्याना जडेजा को अपनी गोद में उठा रखा है और उससे बात करते दिख रहे हैं। इसके बाद कुलदीप यादव भी आ जाते हैं और जडेजा की बेटी के साथ मजाक करते नजर आते हैं। फिर निध्याना अपने पिता को गले लगा लेती है।
आगे-आगे निध्याना, पीछे-पीछे ऋषभ पंत
कुलदीप यादव के अलावा, टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी जडेजा की बेटी के साथ खेलते दिखाई दिए। मुकाबले के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है जिसमें पंत को मस्ती में निध्याना जडेजा के पीछे भागते देखा जा सकता है। दोनों मस्ती में चूर थे और भारत की जीत के बाद खेल रहे थे। ये वीडियो देख फैंस का दिल पिछल गया है।