अपडेटेड 4 March 2026 at 13:25 IST
पाकिस्तान का पूर्व कप्तान बन सकता है टीम का हेड कोच, अबतक नहीं लिया है इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट, बांग्लादेश सीरीज होगी पहला टास्क
Pakistan Team New Head Coach: टी20 वर्ल्ड कप में फ्लॉप रहने के बाद पीसीबी ने अपने पूर्व कप्तान को टेस्ट टीम का नया हेड कोच बनाने का मन बना लिया है, जिसने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास भी नहीं लिया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Pakistan Team New Head Coach: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बदलाव की बयार बहने लगी है। टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के बाद टीम के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एक ऐसा फैसला लेने की तैयारी की है, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
खबरों के मुताबिक, पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद को पाकिस्तान की टेस्ट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया जा सकता है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि सरफराज ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से आधिकारिक तौर पर संन्यास नहीं लिया है, ऐसे में सक्रिय खिलाड़ी से सीधे कोच की भूमिका में आना एक ऐतिहासिक बदलाव होगा।
अक्टूबर 2025 से खाली है हेड कोच की जगह
बता दें, पाकिस्तान की टेस्ट टीम में हेड कोच का पद पिछले 5 महीने से यानी अक्टूबर 2025 से ही खाली पड़ा है। ऐसे में बोर्ड एक ऐसे चेहरे की तलाश में है, जो टीम की गिरती साख को दोबारा खड़ा कर सके। पाकिस्तानी न्यूज चैनल 'जियो न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने सरफराज अहमद के नाम पर मुहर लगा दी है और इसकी आधिकारिक घोषणा बहुत जल्द की जा सकती है।
फिलहाल सरफराज पाकिस्तानी अंडर-19 टीम के मेंटर के रूप में काम कर रहे हैं और वर्तमान में वह 'पाकिस्तानी शाहीन' टीम के साथ UAE के दौरे पर हैं। कोच के तौर पर उनकी पहली असली परीक्षा मई 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज होगी, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का भी अहम हिस्सा होगी।
Advertisement
कोच के रूप में नई उम्मीद
बता दें, सरफराज अहमद को पाकिस्तानी क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उनके नेतृत्व में ही पाकिस्तान ने 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। मैदान पर उनकी समझ और खिलाड़ियों के साथ तालमेल को देखते हुए PCB ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है।
सरफराज का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है, जहां उन्होंने 54 टेस्ट मैचों में 3031 रन बनाए हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि अपनी कप्तानी के अनुभव का इस्तेमाल कर वे टेस्ट टीम की दिशा बदलेंगे। बांग्लादेश दौरे पर 8 मई को होने वाला पहला टेस्ट मैच सरफराज के कोचिंग करियर का आगाज होगा।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 March 2026 at 13:25 IST