Asian Games: टॉस हुआ, हाथ नहीं मिले...भारत-पाकिस्तान GOLD मेडल फाइनल में श्रेयस ने नहीं मिला PAK कप्तान से हाथ; जानिए कब-कब हुआ 'नो-हैंडशेक'
टॉस के दौरान भारत के कप्तान और पाकिस्तान के कप्तान के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। इस तरह भारत-पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहा नो-हैंडशेक सिलसिला एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में भी जारी रहा।
- खेल समाचार
- 4 min read

एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट का फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वैभव सूर्यवंशी पर सभी की निगाहें रहेंगी। टॉस के दौरान भारत के कप्तान और पाकिस्तान के कप्तान के बीच हैंडशेक नहीं हुआ। इस तरह भारत-पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहा नो-हैंडशेक सिलसिला एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में भी जारी रहा।
आपको बता दें कि पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबलों में यह बदलाव देखने को मिला था। सितंबर 2025 में एशिया कप के दौरान इसकी शुरुआत हुई थी। इसके बाद कई मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने यही तरीका अपनाया।
टॉस के समय श्रेयस और साहिबाजादा में क्या बात हुई
वहीं टॉस के समय पाकिस्तान टीम के कप्तान साहिबाजादा फरहान और भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के बीच कुछ बातचीत तो दूर से हुई, लेकिन काफी दूर से। हालांकि दोनों ने दूरी बनाकर रखी और हाथ नहीं मिलाए।
Advertisement
इन खिलाडि़यों पर रहेगी सबकी नजर
इस मैच में भारत की तरफ से जिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबसे अधिक नजर रहेगी, उनमें वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह के नाम अहम हैं। भारतीय टीम को पाकिस्तान को गंभीरता से लेना होगा। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, सईम अयूब और उस्मान खान से टीम इंडिया को सावधान रहना होगा। साहिबजादा फरहान का भारत के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रहा है।
Advertisement
पिछले एशिया कप में भारतीय टीम ने लगातार तीन बार पाकिस्तान को हराया था। इसके बाद टी20 विश्व कप में भी पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 17 टी20 मैच हुए हैं, जिनमें भारतीय टीम 14 बार विजयी रही है, जबकि पाकिस्तान को 3 बार जीत मिली है।
कब-कब दिखा नो हैंडशेक
14 सितंबर 2025: एशिया कप का पहला मुकाबला
14 सितंबर 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष टी-20 एशिया कप का मुकाबला दुबई में खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया। लेकिन मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इस मुकाबले के बाद ही दोनों टीमों के बीच हैंडशेक को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
सितंबर 2025: एशिया कप सुपर-4 का मुकाबला
एशिया कप के सुपर-4 में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आईं। यह मुकाबला भी दुबई में खेला गया था। भारतीय टीम ने इस मैच में भी पाकिस्तान को हराया। मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया। इस तरह एशिया कप के लगातार दूसरे मुकाबले में भी नो-हैंडशेक देखने को मिला।
सितंबर 2025: एशिया कप फाइनल
सितंबर 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का फाइनल मुकाबला भी खेला गया। फाइनल के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इस तरह टूर्नामेंट के तीनों मुकाबलों में हैंडशेक नहीं हुआ।
16 नवंबर 2025: राइजिंग स्टार्स एशिया कप
16 नवंबर 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच राइजिंग स्टार्स एशिया कप में मुकाबला हुआ था। यह मैच कतर के दोहा में खेला गया था। इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस मुकाबले में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक नहीं किया। इसके साथ ही नो-हैंडशेक की चर्चा एक और टूर्नामेंट तक पहुंच गई।
15 फरवरी 2026: टी-20 वर्ल्ड कप
15 फरवरी 2026 को भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला गया था। इस मुकाबले के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक नहीं होने की बात कही गई है।
14 जून 2026: महिला क्रिकेट का मुकाबला
14 जून 2026 को भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच मुकाबला हुआ था। इस मैच में भारत महिला टीम ने पाकिस्तान महिला टीम को 64 रनों से हरा दिया था। इस मैच में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया।
भारत की प्लेइंग 11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान की प्लेइंग 11
साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम, अबरार अहमद, सुफियान मुकीम