बेबाक अंदाज में खेले नीतीश रेड्डी, जिस स्टार्क ने मचाया कोहराम उनकी गेंद पर जड़ा गर्दा छक्का, VIDEO
India vs Australia: एडिलेड टेस्ट के पहले दिन मिचेल स्टार्क ने पिंक बॉल से एक बार फिर जलवा दिखाया। भारत की तरफ से नीतीश रेड्डी ने विस्फोटक बल्लेबाजी की।
- खेल समाचार
- 2 min read

India vs Australia : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी ( Border Gavaskar Trophy ) का दूसरा टेस्ट जारी है। पिंक बॉल टेस्ट (Pink Ball Test) में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला तो किया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई स्टार पेसर मिचेल स्टार्क के आगे भारतीय बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। एक समय पर ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया 130 रनों का आंकड़ा भी नहीं क्रॉस कर पाएगी, लेकिन अपना दूसरा अंतरराष्ट्रीय टेस्ट खेल रहे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) ने आक्रामक रवैया अपनाकर भारत को 180 रनों तक पहुंचा दिया।
एडिलेड टेस्ट के पहले दिन मिचेल स्टार्क ने पिंक बॉल से एक बार फिर जलवा दिखाया और शुरुआत से ही भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने मैच की पहली गेंद पर ही ओपनर यशस्वी जायसवाल का विकेट लिया। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच 69 रनों की पार्ट्नर्शिप हुई, लेकिन स्टार्क ने राहुल का विकेट लेकर एक बार फिर भारत को संकट में डाल दिया।
बेबाक अंदाज में खेले नीतीश रेड्डी
नीतीश रेड्डी जब बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय उनके साथ ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद थे। जैसे ही पंत आउट हुए नीतीश ने बेबाक अंदाज में खेलना शुरू किया और एक के बाद एक चौके-छक्कों की बारिश कर दी। जिस स्टार्क के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, उनकी गेंद पर युवा ऑलराउंडर ने कवर की दिशा में शानदार छक्का भी जड़ा। नीतीश रेड्डी ने 54 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के जड़े।
180 रन पर सिमटी टीम इंडिया
एडिलेड टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। पिछले मैच के शतकवीर यशस्वी जायसवाल पहली गेंद पर ही मिचेल स्टार्क का शिकार बने। राहुल ने 37 और गिल ने 31 रनों की पारी खेली। पर्थ में सेंचुरी जड़कर सनसनी मचाने वाले विराट कोहली एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में फ्लॉप हुए और सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ब्रेक के बाद वापसी कर रहे कप्तान रोहित शर्मा ने भी निराश किया और 3 रन बनाकर आउट हो गए। नीतीश रेड्डी की आतिशी पारी के दम पर भारत ने जैसे-तैसे 180 रनों का स्कोर खड़ा किया।