MS Dhoni: टीमें बदलीं, नियम बदले पर ये खिलाड़ी नहीं बदला...धोनी के संन्‍यास के साथ IPL के एक युग का हुआ अंत; रिकॉर्ड्स कहते रहेंगे 'थाला फॉर ए रीजन'

किस गेंदबाज को कब इस्तेमाल करना है, किसे कहां फील्ड पर रखना है और किस बल्लेबाज के लिए क्या प्लान लेकर आना है, इन सभी चीजों में एमएस धोनी को महारत हासिल था।

MS Dhoni retires from IPL appointed CSK mentor here is all about his records career and leadership in details
टीमें बदलीं, नियम बदले पर ये खिलाड़ी नहीं बदला...धोनी के संन्‍यास के साथ IPL के एक युग का हुआ अंत; रिकॉर्डस कहते रहेंगे 'थाला फॉर ए रीजन' | Image: X

MS Dhoni retires from IPL: 2008 में आईपीएल शुरू हुआ। तब से लेकर अब तक सब कुछ बदल गया। आईपीएल का फॉर्मेट बदला। लीग के चेयरमैन बदले। टीमें बदलीं। टीमों के खिलाड़ी बदले। कोच बदले। कप्तान बदले। नई टीमें आईं, नए नियम आए, यहां तक की कई टीमों के मालिक तक बदल गए। लेकिन ये सोचकर ताज्जुब होता है कि महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) नहीं बदले। धोनी की सोच नहीं बदली, खेलने का तरीका नहीं बदला, शॉट सलेक्शन नहीं बदला, अंपायार के फैसले को परखने (DRS) की बारीकी नहीं बदली और डंके की चोट पर कह सकते हैं ये खिलाड़ी नहीं बदला।

आज बदला तो सिर्फ एक चीज और वो ये कि आईपीएल में अब ये कूल खिलाड़ी खेलता नहीं दिखेगा। जी हां धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बतौर खिलाड़ी के रूप में अपने करियर को विराम दे दिया है। उन्‍होंने संन्‍यास का ऐलान किया है। उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त किया है। चेन्नई सुपर किंग्स की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी मेंटर (मार्गदर्शक) के रूप में टीम परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद अनमोल है।

कप्तानी, फिनिशिंग और विकेटकीपिंग का कोई तोड़ नहीं

एमएस धोनी ने आईपीएल के कुल 18 सीजन में हिस्सा लिया, जिसमें से 17 सीजन वे खेले। 2026 के सीजन में चोट के कारण एक भी मैच नहीं खेल सके थे। हालांकि, धोनी को उनके रनों, अर्धशतकों या फिर शतकों के लिए नहीं जाना जाता है। उनकी खासियत हमेशा से उनकी कप्तानी, फिनिशिंग और विकेटकीपिंग रही है। जहां टीम को जरूरत होती थी कि बल्ले से वे टीम को जीत दिलाएं तो वे अपने तूफानी अंदाज और फिर छक्का लगाकर जीत दिलाने के लिए फेमस रहे।

Advertisement

वहीं, अगर टीम को जरूरत थी कि वे मैदान पर हैं और टीम फंस रही है तो वे स्टंप्स के पीछे से मैच पलटने के लिए जाने जाते थे। किस गेंदबाज को कब इस्तेमाल करना है, किसे कहां फील्ड पर रखना है और किस बल्लेबाज के लिए क्या प्लान लेकर आना है, इन सभी चीजों में एमएस धोनी को महारत हासिल था। धोनी अपनी स्टंपिंग के लिए भी फेमस थे। वे जब स्टंप्स के पीछे खड़े होते थे तो अच्छे से अच्छा बल्लेबाज भी क्रीज के अंदर रहकर शॉट खेलना पसंद करता था, क्योंकि पता था कि जरा सी चूक में एमएस धोनी उनका काम तमाम कर देंगे।

पांच खिताब, पांच हजार से ज्यादा रन और कई रिकॉर्ड्स

Advertisement

धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मुकाबले खेले और 38.30 की औसत से 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। उनके नाम 24 अर्धशतक, 264 छक्के और नाबाद 84 रन का सर्वोच्च स्कोर दर्ज है। खास बात यह है कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने और फिनिशर की भूमिका निभाने के बावजूद धोनी अपने आईपीएल करियर में एक भी शतक नहीं लगा सके।

कप्तानी के मामले में भी धोनी का रिकॉर्ड बेहद खास रहा है। उन्होंने आईपीएल में कुल 235 मुकाबलों में कप्तानी की, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा है। इनमें से 136 मैचों में उनकी टीम को जीत मिली। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। इस तरह वह पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले कप्तानों की सूची में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 10 बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई। इससे पता चलता है कि उनके नेतृत्व में टीम ने लंबे समय तक टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी बनाए रखी।

100 बार नाबाद रहने का विश्व रिकॉर्ड

धोनी अपने IPL करियर की 242 पारियों में ठीक 100 बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं। IPL इतिहास में कोई अन्य बल्लेबाज इस आंकड़े के आसपास भी नहीं है।

बतौर विकेटकीपर 200 शिकार करने वाले पहले खिलाड़ी

विकेट के पीछे धोनी की बिजली जैसी फुर्ती का कोई सानी नहीं रहा है। वे IPL इतिहास में 200 या उससे अधिक शिकार करने वाले पहले और एकमात्र विकेटकीपर हैं। उन्होंने अपने करियर में 271 मैचों के विकेटकीपिंग करते हुए कुल 201 शिकार किए हैं। इसमें 155 कैच और 46 स्टंपिंग शामिल हैं। उन्होंने 7 मैचों में बतौर फील्डर 4 कैच भी पकड़े हैं। इस सूची में पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (235 मैचों में 174 शिकार) दूसरे पायदान पर हैं।

डेथ ओवर्स के बादशाह हैं धोनी

निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बावजूद धोनी ने IPL के अंतिम चार ओवरों (डेथ ओवर्स) में 3,468 से अधिक रन बनाए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक हैं। साल 2024 के सीजन में 42 वर्ष की उम्र में उन्होंने 220.54 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर सभी को चौंका दिया था। इस सूची में मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 128 मैचों में 2,032 रन अपने नाम किए हैं।

इसे भी पढ़ें- कौन है 'मफलर वाला नेता' जो अजित पवार के विमान हादसे में शामिल लोगों को बचा रहा? रोहित पवार के पोस्‍ट से मचा हड़कंप, फटने वाला है बड़ा राजनीतिक बम
 

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड