अपडेटेड 6 December 2024 at 12:10 IST
इसे कहते हैं बदला! Starc को छेड़ना यशस्वी को पड़ा महंगा, इस करिश्माई गेंद पर हुए शिकार; VIDEO
IND vs AUS 2nd Test: स्टार्क ने पर्थ का बदला एडिलेड में लिया और मैच की पहली गेंद पर ही यशस्वी जायसवाल को पवेलियन की राह दिखा दी।
- खेल समाचार
- 3 min read

IND vs AUS, Adelaide Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia ) के बीच एडिलेड में चल रहे दूसरे टेस्ट की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई है। पिछले टेस्ट के शतकवीर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) मैच की पहली गेंद पर ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। मजे की बात ये है कि युवा भारतीय बल्लेबाज का विकेट उस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने लिया जिसे जिसपर यशस्वी ने पर्थ टेस्ट में तंज कसा था।
पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा था। इसी पारी के दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) से कहा था कि उनकी गेंद बहुत स्लो आ रही है। स्टार्क ने पर्थ का बदला एडिलेड में लिया और मैच की पहली गेंद पर ही यशस्वी जायसवाल को चलता कर बता दिया कि भले ही उनकी उम्र ज्यादा हो गई है, लेकिन उनकी रफ्तार अभी भी असरदार है।
स्टार्क ने लिया यशस्वी से बदला
पर्थ टेस्ट के दौरान का वो मोमेंट काफी तेजी से वायरल हुआ था जब यशस्वी जायसवाल ने स्टार कंगारू गेंदबाज मिचेल स्टार्क को ललकारते हुए कहा था कि आपकी गेंद बहुत स्लो आ रही है। स्टार्क ने तब जुबान से तो कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन अब गेंद से जवाब दिया है। भारत के खिलाफ एडिलेड में चल रहे टेस्ट की पहली गेंद पर ही उन्होंने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। पिंक बॉल से खेले जा रहे मैच की पहली गेंद पर ही स्टार्क ने जलवा दिखाया। उन्होंने जादुई गेंद फेंककर यशस्वी को पवेलियन की राह दिखाई।
ऑस्ट्रेलिया में दूसरी बार शून्य पर आउट हुए यशस्वी
बता दें कि टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे यशस्वी जायसवाल पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं। कंगारुओं की धरती पर उनका अब तक का सफर दिलचस्प रहा है। पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में भी वो शून्य पर आउट हुए थे। हालांकि, दूसरी पारी में उन्होंने शानदार शतक जड़कर बता दिया कि वो किस दर्जे के खिलाड़ी हैं। भारतीय फैंस को उम्मीद थी कि एडिलेड में भी यशस्वी जायसवाल लंबी पारी खेलेंगे, लेकिन मिचेल स्टार्क ने मैच की पहली गेंद पर ही फैंस की उम्मीदों को तोड़ दिया।
Advertisement
शुभमन गिल और राहुल क्रीज पर मौजूद
मिचेल स्टार्क ने एडिलेड टेस्ट की पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल का विकेट लेकर भारत को बड़ा झटका दिया। इसके बाद ओपनर केएल राहुल और शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। खबर लिखे जाने तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 30 और केएल राहुल 35 रन बनाकर डटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: IND vs AUS 2nd Test Live Score: पहली गेंद पर भारत को बड़ा झटका, यशस्वी आउट, स्टार्क को मिली सफलता
Advertisement
एडिलेड टेस्ट में भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, आर अश्विन, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 6 December 2024 at 11:21 IST