Test Cricket: 3 मैच की हो टेस्ट सीरीज, मेहमान टीम का खर्चा उठाए मेजबान; MCC की सिफारिश
क्रिकेट नियम बनाने वाली MCC की वर्ल्ड क्रिकेट कमेटी ने Test Cricket को लेकर बड़ी सिफारिशें की हैं। MCC ने कम से कम 3 मैचों की टेस्ट सीरीज होने की सिफारिश की है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Marylebone Cricket Club Committee recommends minimum of three Test matches: भारत और इंग्लैंड (Ind vs Eng) के बीच जारी टेस्ट सीरीज (Test Series) के बीच मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) की वर्ल्ड क्रिकेट कमेटी ने कुछ बड़ी सिफारिशें की हैं, जो टेस्ट क्रिकेट (Test Cricket) को लेकर हैं।
MCC ने सिफारिश की है कि टेस्ट सीरीज कम से कम 3 मैचों की होनी चाहिए और द्विपक्षीय सीरीज में मेहमान टीम का खर्च घरेलू टीम द्वारा उठाया जाना चाहिए। क्रिकेट के नियमों के संरक्षक MCC की विश्व क्रिकेट समिति की पिछले हफ्ते SA20 के मौके पर केप टाउन में हुई बैठक में ये सिफारिशें की गईं हैं।
कमेटी की ओर से जारी बयान में उसने आस्ट्रेलिया (Australia) और वेस्टइंडीज (West Indies) के बीच सीरीज का निर्णायक मैच न होने पर अफसोस जताया है। इसी तरह पिछले साल दिसंबर में भारत और दक्षिण अफ़्रीका (India vs South Africa) के बीच भी 2 मैचों की कांटे की टक्कर वाली टेस्ट सीरीज ड्रॉ रही थी।
MCC कमेटी ने बयान में क्या कहा?
Advertisement
MCC की वर्ल्ड क्रिकेट कमेटी ने कहा-
आजकल खेले जा रहे रोमांचक टेस्ट क्रिकेट और खेल के पारंपरिक प्रारूप को बनाए रखने के महत्व के समर्थन में WCC ने सिफारिश की है कि मेंस क्रिकेट के अगले ICC फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में कम से कम 3 मैच की टेस्ट सीरीज खेली जाएं।
WCC ने ICC मेंबर देशों के बीच असमानता पर भी बात की और खेल को ऐसे क्षेत्रों में ले जाने की बात की जहां ये नहीं खेला जाता। WCC ने अपनी सिफारिश में कहा- ये खेल भारत के प्रति कृतज्ञता का ऋणी है, क्योंकि क्रिकेट के प्रति जुनून से वैश्विक खेल में धन आता है, लेकिन भारत पर ये निर्भरता के बावजूद खेल को अपने वैश्विक विकास को सुनिश्चित करने के लिए नए बाजारों की पहचान करने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे समय में मौजूदा चक्र से आगे मीडिया अधिकारों की कोई गारंटी नहीं है।
Advertisement
बता दें कि हाल में वेस्टइंडीज क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने दावा किया था कि उनकी टीम का यात्रा खर्च बोर्ड के बजट का एक हिस्सा है। मौजूदा स्थिति में घरेलू टीम को सीरीज से सभी मीडिया अधिकार से मिलने वाला राजस्व रखने का अधिकार है, लेकिन WCC चाहता है कि इसकी समीक्षा की जाए। बयान में कहा गया-
WCC को पता है कि क्रिकेट की वैश्विक अर्थव्यवस्था काफी असंतुलित है, जो दौरा करने वाली टीम के लिए नुकसानदायक है, क्योंकि उसे ही अपनी यात्रा का खर्चा उठाना होता है, जबकि सीरीज के पूरे राजस्व पर अधिकार मेजबान देश का होता है। कमेटी इस मॉडल पर पुनर्विचार करने का फैसला करती है, जिसमें भविष्य के सभी द्विपक्षीय क्रिकेट के लिए दौरा करने वाली टीम का खर्चा घरेलू संस्थाओं द्वारा उठाने जाने का विश्लेषण किया जाना चाहिए।
WCC ICC के फ्यूचर टूर प्रोग्राम के 2028 चक्र में मुकाबलों का समान वितरण भी चाहती है। बता दें कि WCC के मौजूदा अध्यक्ष श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा हैं, जबकि अन्य सदस्यों में क्लेयर कोनोर, कुमार धर्मसेना, सौरव गांगुली, झूलन गोस्वामी, हीथर नाइट, जस्टिन लैंगर, इयोन मोर्गन, रमीज राजा, रिकी स्केरिट और ग्रीम स्मिथ शामिल हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)