‘माही’ के फॉर्म हाउस से महज 300 मीटर दूर चमकेगा ईशान किशन का आशियाना, RRDA ने 11 मंजिला बिल्डिंग का नक्शा किया पास
MS Dhoni Neighbor Ishan Kishan House: भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन रांची में पूर्व कप्तान MS धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। RRDA ने दलादली इलाके में उनकी 11 मंजिला लग्जरी बिल्डिंग के नक्शे को मंजूरी दे दी है।
- खेल समाचार
- 3 min read

MS Dhoni Neighbor Ishan Kishan House: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अब रांची में पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। रांची के नगड़ी अंचल स्थित दलादली इलाके में ईशान किशन के नए लग्जरी प्रोजेक्ट की तैयारी तेज हो गई है। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) ने उनकी 11 मंजिला बिल्डिंग के नक्शे को मंजूरी दे दी है।
धोनी के फार्म हाउस से 300 मीटर की दूरी
खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट धोनी के फार्म हाउस से करीब 300 मीटर की दूरी पर बनेगा। जानकारी के मुताबिक, दलादली मौजा में करीब 75 डिसमिल जमीन पर यह बहुमंजिला भवन तैयार किया जाएगा। रिंग रोड के किनारे बनने वाली इस बिल्डिंग को जी प्लस 10 डिजाइन में विकसित किया जाएगा।
बिल्डिंग के शुरुआती दो फ्लोर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होंगे, जहां ऑफिस और शोरूम बनाए जाएंगे। इसके ऊपर के आठ फ्लोर में लग्जरी रिहायशी फ्लैट तैयार किए जाएंगे।
लग्जरी सुविधाओं से लैस होगी सोसाइटी
इस प्रोजेक्ट को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना बनाई गई है। सोसाइटी में स्विमिंग पूल, जिम, इंडोर गेम्स, प्लेग्राउंड, गेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल, गार्डन, सैलून-पार्लर, मेडिकल स्टोर और डिपार्टमेंटल स्टोर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बिल्डिंग के डिजाइन में ओपन स्पेस पर खास ध्यान दिया गया है ताकि परिसर खुला और आकर्षक दिखे।
Advertisement
बताया जा रहा है कि फ्रंट सेटबैक को भी ज्यादा रखा गया है, जिससे बिल्डिंग का फ्रंट लुक बेहतर नजर आए। पूरे प्रोजेक्ट को हाई-एंड रेसिडेंशियल और कमर्शियल कॉन्सेप्ट के साथ तैयार किया जा रहा है।
2022 में हुआ था भूमि पूजन
ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में इस जमीन पर भूमि पूजन किया था। इसके लिए उन्होंने शगुन ईशान इंफ्रा नाम से इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी भी बनाई थी। उसी कंपनी के जरिए इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। तभी से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि ईशान किशन जल्द ही धोनी के पड़ोसी बनने वाले हैं।
Advertisement
पिता बोले- जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
ईशान किशन के पिता प्रणय कुमार पांडे ने बताया है कि यह जमीन काफी पहले खरीदी गई थी। अब नक्शा पास होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग को आधुनिक और प्रीमियम तरीके से विकसित किया जाएगा।
दलादली बन रहा नया कमर्शियल हब
रांची का दलादली इलाका पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकसित हुआ है। महेंद्र सिंह धोनी का फार्म हाउस बनने के बाद इस क्षेत्र की पहचान और जमीन की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई थी। अब ईशान किशन के नए प्रोजेक्ट के बाद इलाके के कमर्शियल हब के रूप में उभरने की संभावना और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रिंग रोड और आसपास की जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। सड़क किनारे जमीन लगभग खत्म हो चुकी है, जबकि अंदर की जमीन भी लाखों रुपये प्रति डिसमिल में बिक रही है।