अपडेटेड 21 March 2024 at 21:29 IST
'कोई टेंशन की बात नही...', CSK कप्तान बनने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ का आया पहला रिएक्शन
CSK को 5 बार IPL ट्रॉफी जितवाने वाले कप्तान Dhoni ने कप्तानी पद से हटते हुए ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया। कप्तान बनने के बाद गायकवाड़ का पहला रिएक्शन आया।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: आईपीएल 2024 शुरु होने में अब 24 घंटे का भी समय नही रह गया है। आईपीएल का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। आरसीबी की कप्तानी फाफ डु प्लेसिस करेंगे लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी अब महेंद्र सिंह धोनी नही बल्कि ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार आईपीएल ट्रॉफी जितवाने वाले कप्तान एमएस धोनी ने कप्तानी पद से हटते हुए ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का कप्तान बनाया। गायकवाड़ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 2019 से खेल रहे हैं। सीएसके का कप्तान बनने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ का पहला रिएक्शन सीएसके ने अपने एक्स पर शेयर किया।
कप्तानी के बाद गायकवाड़ का आया पहला रिएक्शन
गायकवाड़ ने कप्तान बनने के बाद सीएसके की ओर से जारी वीडियो में कहा कि धोनी भाई से कप्तानी लेना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। पूरी टीम ने उनपर जो विश्वास दिखाया उसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। ऋतुराज ने कहा कि,
'ये एक सम्मान की बात है। साथ ही साथ बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। मै इस जिम्मेदारी के लिए बहुत उत्साहित हूं। हमारे पास जो टीम है उसमें सभी के पास काफी अनुभव है जिसके चलते मुझे कुछ खास करने की जरुरत है नही। इसके अलावा टीम में माही भाई भी हैं, जड्डू भाई भी हैं, अज्जू (अजिंक्य रहाणे) भाई भी हैं, जो एक महान कप्तान रहे हैं और उन्होंने मेरा मार्गदर्शन भी किया है। इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है, मैं बस इस कप्तानी का आनंद लेना चाहता हूं।''
चेन्नई सुपर किंग्स के चौथे कप्तान हैं ऋतुराज
बता दें कि 27 साल के स्टार ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई टीम के चौथे कप्तान होंगे। इससे पहले धोनी के अलावा रवींद्र जडेजा और सुरेश रैना कप्तानी कर चुके हैं। धोनी ने 212 मैचों में चेन्नई टीम की कप्तानी की है। जबकि जडेजा ने 8 और रैना ने 5 मैचों में कप्तानी की थी।
Advertisement
ऋतुराज गायकवाड़ 2019 में सीएसके के साथ जुड़े
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ऋतुराज के सफर की बात करें तो उन्होंने इस टीम के लिए अब तक 52 मैच खेले हैं और इसमें 39.07 की औसत और 135.52 की स्ट्राइक रेट के साथ 1797 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 14 अर्द्धशतक शामिल है। साल 2021 में ऋतुराज गायकवाड़ अपनी बल्लेबाजी के दम पर ऑरेंज कैप विनर भी बने थे और इस सीजन में उन्होंने 16 मैचों में 45.35 के औसत और 136.26 के स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा 635 रन बनाए थे जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल था।
ऋतुराज गायकवाड़ साल 2019 में इस टीम के साथ जुड़े थे और इसके बाद से वह सीएसके के लिए सबसे ज्यादा 1797 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं साथ ही जीते हुए मैचों में उन्होंने सबसे ज्यादा 1245 रन बनाए हैं। उनके डेब्यू के बाद से ऋतुराज गायकवाड़ इस टीम के लिए बेस्ट व्यक्तिगत स्कोर 101 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं साथ ही सबसे ज्यादा 73 छक्के भी उन्हीं के नाम पर दर्ज है। उनके डेब्यू के बाद से सीएसके के लिए सर्वाधिक अर्धशतक (14) और सबसे ज्यादा शतक (01) भी उन्हीं ने लगाया है।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 21 March 2024 at 21:29 IST