अपडेटेड 23 July 2024 at 21:15 IST

INDW vs NEPW: शेफाली की आक्रामक पारी से भारत ने नेपाल के खिलाफ तीन विकेट पर 178 रन बनाये

शेफाली वर्मा की 81 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर भारत ने महिला एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के अपने आखिरी ग्रुप मैच में नेपाल के खिलाफ तीन विकेट पर 178 रन बनाए।

Follow : Google News Icon  
Shefali verma
Shefali verma | Image: PTI

INDW vs NEPW: सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की 48 गेंद में 81 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर भारत ने महिला एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के अपने आखिरी ग्रुप मैच में नेपाल के खिलाफ तीन विकेट पर 178 रन बनाए।

शेफाली ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाने के अलावा डी हेमलता के साथ पहले विकेट के लिए 84 गेंद में 122 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरूआत दिलायी। हेमलता ने 42 गेंद की पारी में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन का योगदान दिया।

आखिरी ओवरों में जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंद में पांच चौके की मदद से नाबाद 28 रन की पारी खेली। नेपाल के लिए सीता राणा मागर ने दो और कविता जोशी ने एक विकेट लिया। भारतीय टीम ने इस मैच में नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और हरफनमौला पूजा वस्त्राकर को विश्राम दिया। शेफाली वर्मा के साथ मैच में टीम की अगुवाई कर रही स्मृति मंधाना की जगह हेमलता ने भारतीय पारी का आगाज किया। शेफाली ने पहले ओवर में कविता कुंवर और चौथे ओवर में शबनम राय के खिलाफ दो-दो चौके जड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

दूसरे छोर से संभल कर खेल रही हेमलता ने पूजा महतो के खिलाफ दर्शनीय चौका जड़ आत्मविश्वास हासिल किया। भारतीय टीम ने छठे ओवर में रनों का अर्धशतक पूरा किया। शेफाली ने अगले ओवर में रुबीना छेत्री के खिलाफ छक्का और चौका लगाया तो वहीं हेमलता ने आठवें ओवर में कविता जोशी के खिलाफ ऐसा किया। शेफाली ने इसी ओवर में चौका जड़ने के बाद एक रन के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। शेफाली जहां नेपाल की गेंदबाजों के खिलाफ मन मुताबिक रन जुटा रही थी तो वहीं हेमलता को गैप ढूंढने में परेशानी हो रही थी।

Advertisement

सीता राणा ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर हेमलता को आउट कर नेपाल को पहली सफलता दिलायी। उनके अगले ओवर में आगे निकलकर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में शेफाली भी स्टंप हो गयी। वस्त्राकर की जगह टीम में आयी संजना संजीवन कुछ खास नहीं कर सकी और 12 गेंद में 10 रन बनाकर कविता जोशी का शिकार बन गयी। जेमिमा ने आखिरी ओवर में तीन चौके जड़कर टीम को 180 रन के करीब पहुंचाया।

Advertisement

ये भी पढ़ें- श्रीलंका पहुंचकर टीम इंडिया ने शुरु की प्रैक्टिस, जानें टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल | Republic Bharat
 

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 23 July 2024 at 21:15 IST