अपडेटेड 25 April 2024 at 20:31 IST
T20 वर्ल्ड कप में युगांडा के लिए खेलेगा भारतीय मूल का ये खिलाड़ी, इंडियन कोच मिलने पर कही ये बात
इस साल जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में T20 वर्ल्ड कप होने वाला है, जिसमें युगांडा की टीम से एक भारतीय मूल का खिलाड़ी भी खेलेगा।
- खेल समाचार
- 3 min read

T20 World Cup 2024: इस साल अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में युगांडा क्रिकेट टीम भी हिस्सा लेगी और ये उसके लिए किसी सपने के सच होने जैसा होगा। युगांडा की तरफ से एक भारतीय मूल का खिलाड़ी भी खेलता नजर आएगा, जो T20 वर्ल्ड कप को लेकर काफी उत्साहित है।
ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि मुंबई में जन्मे अल्पेश रमजानी हैं। युगांडा के बल्लेबाजी ऑलराउंडर अल्पेश रमजानी का मानना है कि युगांडा के आत्मविश्वास से भरे क्रिकेटर आगामी T20 विश्व कप के दौरान जिंदगी के सबसे बड़े मौके का फायदा उठाने के लिए तैयार हैं।
पहली बार किया T20 WC के लिए क्वालीफाई
पिछले साल नवंबर में युगांडा ने ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप अफ्रीका क्षेत्र के क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करके नामीबिया के बाद दूसरे स्थान पर रहकर पहली बार इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। इस दौरान युगांडा ने मजबूत क्षेत्रीय टीम जिम्बाब्वे को भी हराया था। रमजानी ने यहां गुरुवार को वानखेडे स्टेडियम में मीडिया से बातचीत में कहा-
Advertisement
ये बहुत ही बड़ा अनुभव होने वाला है, लेकिन साथ ही ये जिंदगी का सबसे बड़ा मौका भी होगा, जब आप ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ खेलोगे जिनकी तरह आप बनने की ख्वाहिश रखते हो। हमारे लिए यह बहुत ही बड़ा मौका है, क्योंकि हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ लीग में खेलने की तमन्ना रखते हैं।
टीम को भारतीय कोच मिलने पर कही ये बात
रमजानी ने टीम को भारतीय कोच मिलने पर भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और रेलवे के पूर्व क्रिकेटर अभय शर्मा को टीम का कोच नियुक्त करने से युगांडा के खिलाड़ियों काफी फायदा मिलेगा। रमजानी ने कहा-
Advertisement
टीम के लिए एक एशियाई कोच लाना शानदार होगा। उनका अनुभव हमारे लिए फायदेमंद होगा। विश्व कप में हमें इसेस निश्चित रूप से मदद मिलेगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के व्यक्तिगत विकास में भी मदद मिलेगी। उनकी तकनीक और अनुभव युगांडा को बतौर टीम आगे बढ़ने में मदद करेगा।
बता दें कि रमजानी के अलावा युगांडा टीम में रौनक पटेल और दिनेश नाकरानी (सौराष्ट्र से) दो अन्य भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। रमजानी ने कहा कि युगांडा के जून में वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले T20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने से देश में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल और रग्बी के बाद क्रिकेट अब लोकप्रिय खेल बन गया है। टीम के क्वालीफाई करने से युगांडा के लोगों में क्रिकेट लोकप्रिय हो गया है। भारत बनाम पाकिस्तान की तरह युगांडा की प्रतिद्वंद्विता कीनिया से है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 25 April 2024 at 20:31 IST