BREAKING: Asian Games 2026 में भारत को मिला पहला गोल्ड, श्रीलंका को हराकर महिला क्रिकेट टीम बनी चैंपियन
IND-W vs SL-W Asian Games 2026 Final: भारतीय टीम ने विमेंस एशिया कप 2026 में श्रीलंका को ही हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। अब उसने एशियन गेम्स के फाइनल मैच में श्रीलंका को पछाड़ दिया है। पिछले एशियन गेम्स में भी भारत ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
- खेल समाचार
- 2 min read

आइची-नागोया एशियाई गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। यह चालू एशियाई गेम्स में भारत का पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारत ने प्रतियोगिता में 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने श्रीलंका के सामने 217 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवरों में महज 69 रनों पर ही सिमट गई।
स्मृति और ऋचा की तूफानी बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की मजबूत साझेदारी की। स्मृति मंधाना ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 7 छक्के और 5 चौकों की मदद से 79 रन बनाए।
शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रनों की तेज पारी खेली। वहीं, अंत में ऋचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन (6 चौके, 3 छक्के) बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
गेंदबाजों का प्रहार
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और लगातार विकेट गंवाती रही। श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
Advertisement
महिला टी-20 इंटरनेशनल के आंकड़ों में भी भारत का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 32 मुकाबलों में से भारत ने 26 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका सिर्फ 5 मैच ही जीत सकी है। प्रतियोगिता का ब्रॉन्ज मेडल पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर जीता।
ये भी पढ़ें - BREAKING: जमुई मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर; पैर में लगी गोली