अपडेटेड 12 February 2026 at 22:56 IST
T20 World Cup 2026 : भारतीय गेंदबाजों के आगे नामीबिया ने किया सरेंडर, भारत 93 रन से जीता, ईशान-हार्दिक ने खेली तूफानी पारी
T20 World Cup 2026: गुरुवार को भारत बनाम नामीबिया के बीच मैच खेला गया। भारत ने इस मुकाबले को 93 रन से जीत लिया है। यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। इस मैच में ईशान किशन और हार्दिक पंड्या ने ताबड़तोड़ पारी खेली है।
- खेल समाचार
- 2 min read

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में गुरुवार, 12 फरवरी को भारत बनाम नामीबिया के बीच मैच खेला गया। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली मैदान पर खेला गया। इस मैच में नामीबिया के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले भारत को बैटिंग करने का न्योता दिया।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम बस 116 रन ही बना पाई और भारत ने इस मैच को आसानी से 93 रन से जीत लिया। टी20 वर्ल्ड कप में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। इस मैच में पहले ईशान किशन और हार्दिक ने बल्ले से गर्दा उड़ाया उसके बाद वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक के आगे नामीबियाई बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया।
नामीबिया की टीम 116 रन पर सिमटी
210 रन का पीछे करने उतरी नामीबिया की टीम पूरा 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। नामीबिया 18.2 ओवर में महज 116 रन पर ऑलआउट हो गया। नामीबिया की तरफ से सबसे अधिक लॉरेन स्टीनकम्प ने 29 रन बनाए। स्टीनकम्प के बाद जान फ्रायलिंक ने सबसे अधिक 22 रन बनाए।
ईशान किशन और हार्दिक ने खेली अर्धशतकीय पारी
इस मैच में ईशान किशन ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने महज 24 गेंदों में ताबड़तोड़ 61 रनों की पारी खेली। ईशान ने अपनी पारी में 6 चौके और 5 लंबे-लंबे छक्के लगाए। इस बीच ईशान ने एक ही ओवर में लगातार 4 छक्के और 1 चौका लगाया। ईशान किशन के अलावा, हार्दिक पंड्या ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में 52 रन बनाए। हार्दिक ने पारी में 4 चौके और 4 लंबे-लंबे छक्के भी लगाए। हार्दिक ने एक छक्का 109 मीटर लंबा लगाया।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 12 February 2026 at 22:36 IST