IND vs AFG ODI: धर्मशाला वनडे से पहले टीम इंडिया में बड़े बदलाव के संकेत, कोहली की जगह नंबर-3 पर बैटिंग के लिए घमासान
IND vs AFG 1st ODI: धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले वनडे मैच से पहले भारतीय टीम में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। चोटिल विराट कोहली की गैरमौजूदगी में नंबर-3 पोजीशन के लिए केएल राहुल, ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल के नामों पर प्रयोग किया जा सकता है।
- खेल समाचार
- 4 min read

IND vs AFG ODI: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शनिवार (13 जून) से भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। इस मुकाबले से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के प्लेइंग कॉम्बिनेशन (Playing Combination) को लेकर कई बड़े और चौंकाने वाले संकेत मिले हैं। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के चोटिल होकर सीरीज से बाहर होने के कारण टीम इंडिया अपने बल्लेबाजी क्रम में एक बड़ा एक्सपेरिमेंट करने की तैयारी में है।
ईशान संभाल सकते हैं विकेटकीपिंग
मैच से पूर्व आयोजित एकमात्र प्रैक्टिस सेशन से यह साफ संकेत मिला है कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में लंबे समय से भारत के मुख्य विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे केएल राहुल को इस सीरीज में ग्लव्स से आराम दिया जा सकता है। अभ्यास सत्र के दौरान ईशान किशन विकेटकीपिंग की कड़े ड्रिल्स करते नजर आए, जबकि केएल राहुल आउटफील्ड में ऊंचे कैच पकड़ने की प्रैक्टिस कर रहे थे। ऐसे में ईशान किशन विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं।
नंबर-3 स्लॉट के लिए तीन दावेदार
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि विराट कोहली की अनुपस्थिति टीम के लिए नंबर-3 पोजीशन पर नए विकल्पों को आजमाने का एक बेहतरीन मौका है। मोर्कल के अनुसार, इस महत्वपूर्ण स्थान के लिए केएल राहुल, ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल तीनों ही मजबूत रेस में हैं।
गेंदबाजी कोच ने कहा, “नंबर-3 की भूमिका को लेकर हम इस सीरीज के दौरान कुछ प्रयोग करेंगे। चाहे वह ईशान हों, केएल हों या यशस्वी, यह सभी खिलाड़ियों के लिए अपनी उपयोगिता साबित करने का बेहतरीन अवसर है।” उन्होंने आगे कहा कि टीम प्रबंधन भविष्य की बड़ी योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकल्पों पर काम कर रहा है ताकि हर तरह की परिस्थितियों के लिए एक मजबूत बैकअप और संयोजन तैयार किया जा सके।
Advertisement
प्रिंस यादव और गुरनूर बरार के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की संभावना
वहीं बताया जा रहा है कि इस वनडे सीरीज के जरिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ और युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण को भी आजमाया जा सकता है। चंडीगढ़ और धर्मशाला के अभ्यास सत्र में अपने प्रदर्शन से कोचिंग स्टाफ को प्रभावित करने वाले दो युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बरार भारत के लिए अपना डेब्यू कर सकते हैं।
मोर्ने मोर्कल ने दोनों की तारीफ करते हुए कहा, "पहली नजर में उन्हें देखकर ऐसा लगा ही नहीं कि वे नए हैं, बल्कि ऐसा लगा जैसे वे पिछले 4-5 साल से इस टीम का हिस्सा हों। उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं थी और जिस शानदार एनर्जी व कॉन्फिडेंस के साथ उन्होंने गेंदबाजी की, वह वाकई काबिलेतारीफ है।" मोर्कल को पूरी उम्मीद है कि हेड कोच गौतम गंभीर इन दोनों युवाओं की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें इस सीरीज में इंडिया जर्सी पहनने का मौका जरूर देंगे।
Advertisement
हिटमैन रोहित शर्मा पूरी तरह फिट
भारतीय फैंस और टीम प्रबंधन के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह उबर चुके हैं। रोहित ने धर्मशाला में पूरे अभ्यास सत्र में भाग लिया और अनिवार्य फिटनेस टेस्ट भी पास कर लिया है। गेंदबाजी कोच ने उनकी फिटनेस पर मुहर लगाते हुए कहा कि रोहित अब पूरी तरह ठीक हैं, शानदार ट्रेनिंग कर रहे हैं और पहले वनडे में कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भारतीय टीम स्क्वाड:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।