वैभव सूर्यवंशी से भिड़ना श्रीलंकाई खिलाड़ियों को पड़ा भारी, SLC ने निरोशन डिकवेला समेत कई क्रिकेटर्स पर लिया बड़ा एक्शन
Vaibhav Suryavanshi fight: दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए मैच के बाद भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ हुई झड़प के मामले में श्रीलंका क्रिकेट ने विशेन हलम्बगे समेत कई खिलाड़ियों की मैच फीस काटी है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Vaibhav Suryavanshi Controversy: दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले के बाद मैदान पर खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प का मामला अब तूल पकड़ चुका है। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने के मामले में श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने सख्त रुख अपनाते हुए अपने देश के खिलाड़ियों पर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्रवाई की गाज टीम के अनुभवी खिलाड़ी निरोशन डिकवेला पर भी गिरी है। हालांकि उनके खिलाफ एक्शन की वजह थोड़ी अलग है।
मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी से हुई थी तीखी बहस
दरअसल, यह पूरा विवाद 15 जून 2026 को दांबुला में खेले गए मैच के ठीक बाद शुरू हुआ। जहां इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच का यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और अंत में 'सुपर ओवर' तक खिंचा। वहीं मैच समाप्त होने के बाद मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए।
भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका के खिलाड़ी विशेन हलम्बगे के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर ही धक्का-मुक्की जैसी स्थिति पैदा हो गई।
Advertisement
जब मैच रेफरी प्रदीप जयप्रगाश ने इस पूरी घटना की समीक्षा की और अपनी रिपोर्ट सौंपी, तो श्रीलंका क्रिकेट ने खिलाड़ियों पर तत्काल प्रभाव से एक्शन लिया।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती
रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट ने उन सभी खिलाड़ियों को दंडित किया है जो मैच के बाद हुई इस अमर्यादित घटना और विवाद का हिस्सा थे। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस खिलाड़ी को कितनी सजा दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि झगड़े में शामिल खिलाड़ियों की मैच फीस में भारी कटौती की गई है।
Advertisement
फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि इस घटना को लेकर किसी भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ भी कोई कदम उठाया गया है या नहीं।
बीच-बचाव करने वाले निरोशन डिकवेला भी नपे
इस पूरे घटनाक्रम में एक बेहद दिलचस्प बात सामने आई है। श्रीलंका ए के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला भी बोर्ड की कार्रवाई से नहीं बच सके। दरअसल, जब मैदान पर वैभव सूर्यवंशी और विशेन हलम्बगे के बीच झड़प हो रही थी, तब डिकवेला ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को अलग किया था और मामला शांत कराने की कोशिश की थी।
हालांकि डिकवेला पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई सूर्यवंशी-हलम्बगे विवाद के कारण नहीं हुई है। उन पर मैच के दौरान अंपायर से जरूरत से ज्यादा और आक्रामक अपील करने का दोषी पाया गया है, जिसके चलते उन्हें भी दंड का सामना करना पड़ा है।