अपडेटेड 14 February 2026 at 22:02 IST
IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी करेंगे हैंडशेक? सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान का आया बयान
IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। हालांकि, दोनों टीमों के बीच होने वाली पारंपरिक हाथ मिलाने की प्रथा पर सवालिया निशान अभी भी बना हुआ है।
- खेल समाचार
- 2 min read

IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला कल, यानी 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा के बयानों ने मैच को और रोमांचक बना दिया है, क्योंकि यह मैच सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि जज्बात है। दोनों टीमों के बीच विवाद इस कदर है कि पहले पाकिस्तान ने मैच खेलने से मना किया और अब हाथ तक मिलाने पर विवाद हो रहा है।
खिलाड़ी खेल की भावना को बनाए: सलमान आगा
पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के चलते यह चर्चा जोरों पर है कि क्या मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाएंगे? इसी बीच मैच की पूर्व संध्या पर बोलते हुए पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने जवाब देते हुए कहा, "आपको कल पता चल जाएगा।" आगा के इस बयान के मायने निकाले जा रहे हैं कि हाल के समय में पाकिस्तान और भारत के बीच जिस तरह से विवाद रहा है, उससे दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ नहीं मिलाएंगे। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों टीमों के खिलाड़ी खेल की भावना को बनाए रखेंगे।
सूर्यकुमार यादव ने कहा- इंतजार करो
सूर्यकुमार यादव ने इस पर सस्पेंस बरकरार रखते हुए मजाकिया लहजे में कहा, "अभी बस 24 घंटे इंतजार करो। अच्छा खाओ, अच्छी नींद लो, जो होगा कल मैदान पर देखेंगे।"
दरअसल, पिछले साल सितंबर में सूर्या की टीम ने संकेत दिया था कि भारतीय टीम आतंकी हमलों के शिकार हुए नागरिकों के सम्मान में पाकिस्तान के साथ हाथ नहीं मिलाएगी। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भी इस पर सीधा जवाब न देते हुए कहा कि जो कुछ होगा, वो कल सबके सामने आ जाएगा।
Advertisement
पाकिस्तान ने मैच खेलने से किया था इनकार
बता दें, पाकिस्तान ने पहले तो भारत के खिलाफ इस मुकाबले में खेलने से ही इनकार कर दिया था। उन्होंने बांग्लादेश का समर्थन करने का फैसला करते हुए भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का एलान किया था। हालांकि, इस मामले में आईसीसी के साथ बैठक के बाद पाकिस्तान की सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की इजाजत दी। ऐसे में इस तरह के विवाद के बाद भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों का हाथ मिलाना मुश्किल ही है।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 14 February 2026 at 22:02 IST