IND vs ENG 2nd Test: आने लगा है जीत का स्वाद, मगर इंग्लैंड के ये 3 खिलाड़ी कर सकते हैं मजा खराब
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को अभी भी जीत के लिए 332 रनों की दरकार है। मगर रोहित शर्मा के लिए ये 3 बल्लेबाज खतरा साबित हो सकते हैं।
- खेल समाचार
- 3 min read

IND vs ENG 2nd Test: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापट्टनम में दूसरा टेस्ट जारी है। वैसे तो टीम इंडिया ने इस मुकाबले में अपनी पकड़ बना ली है लेकिन चौथे दिन गेम पलट भी सकती है। बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम को रोहित एंड कंपनी हल्के में नहीं ले सकती क्योंकि उन्होंने हैदराबाद में हुए पहले मैच में बाजी पलट दी थी।
विशाखापट्टनम टेस्ट के तीसरे दिन शुभमन गिल का जलवा रहा। पिछले कुछ मैचों में खराब फॉर्म से जूझ रहे गिल ने शानदार वापसी करते हुए शतक ठोका। स्टार बल्लेबाज ने नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए 104 रनों की कीमती पारी खेलकर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दूसरे टेस्ट में भारत को भले ही जीत का स्वाद आने लगा होगा, लेकिन इंग्लैंड के ये 3 बल्लेबाज मजा खराब कर सकते हैं, इसलिए इन्हें जल्द से जल्द पवेलियन की राह दिखानी होगी।
इंग्लैंड के ये 3 बल्लेबाज करेंगे मजा खराब?
विशाखापट्टनम में चल रहे दूसरे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड के सामने 399 रनों का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में इंग्लिश टीम ने तीसरे दिन के अंत तक एक विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को अभी भी जीत के लिए 332 रनों की दरकार है और उनके सामने टीम इंडिया के धुरंधर गेंदबाज हैं। मगर रोहित शर्मा के लिए ये 3 बल्लेबाज खतरा साबित हो सकते हैं।
जैक क्रॉली
इंग्लैंड के ओपनर जैक क्रॉली टीम इंडिया के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। पहली पारी में वो इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाज थे और 76 रनों की अच्छी पारी खेली थी। क्रोली दूसरी इनिंग में भी टिके हुए हैं और 29 रन बनाकर नाबाद हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम इंडिया के गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं।
Advertisement
ओली पोप
इंग्लैंड के उभरते हुए सितारे ओली पोप क्या कर सकते हैं ये अब बताने की जरूरत नहीं है। दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने पिछले मैच की दूसरी पारी में 196 रन बनाकर महफिल लूट ली थी। पोप स्पिनर्स के खिलाफ अपने पैरों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हैं। उम्मीद है रोहित एंड कंपनी के पास उनके खिलाफ प्लान तैयार होगा।
बेन स्टोक्स
जब मैच पलटने की बात हो और बेन स्टोक्स का नाम नहीं आए, ऐसा कैसे हो सकता है। जब भी इंग्लैंड की टीम संकट में होती है स्टोक्स उनके लिए संकटमोचन का काम करते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हेडिंग्ले में खेला गया टेस्ट याद है ना, जब स्टोक्स ने हारी हुई बाजी पलट दी थी और इंग्लैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इसलिए भारत को अगर ये मैच जीतना है तो इंग्लिश कप्तान को जल्द से जल्द आउट करना होगा।