Ind U19 vs Pak U19: भारत बना U19 एशिया कप का बादशाह...फाइनल में पाकिस्तान को दी करारी शिकस्त, मोहित और मनल रहे जीत के हीरो
अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद रोमांचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत को 338 रनों का विशाल लक्ष्य दिया।
- खेल समाचार
- 3 min read

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का एक ऐतिहासिक और रोमांचक मैच देखने को मिला। इस खिताबी भिड़ंत में टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। दोनों टीमों के युवा खिलाड़ियों ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान की मजबूत शुरुआत और उस्मान खान का शतक
मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत करते हुए उस्मान खान और हयम खान के बीच पहले विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई।
ओपनर उस्मान खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा अब्दुल कादिर ने 80 रन और कप्तान फरहान युसूफ ने 63 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। एक समय ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तानी टीम आसानी से 400 रन के करीब पहुंच जाएगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी की। भारत की ओर से काव्य पटेल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि वेंकट ने 3 और अर्जुन राजपूत ने 1 विकेट हासिल किया। पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाने में सफल रही।
लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग की शुरुआत
338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े, हालांकि इनकी बल्लेबाजी काफी धीमी रही। आर्यवीर सहवाग 58 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 100 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली। इन दोनों के अलावा शुरुआती और मध्य क्रम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
Advertisement
मनल चौहान और मोहित उल्वा की आतिशी पारी से मिली ऐतिहासिक जीत
एक समय भारत ने 252 रन के स्कोर पर अपने 8 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे और जीत मुश्किल नजर आ रही थी। इसके बाद मोहित उल्वा और मनल चौहान ने सूझबूझ और आक्रामकता का बेहतरीन नमूना पेश किया।
9वें विकेट के लिए दोनों के बीच मात्र 35 गेंदों में 57 रनों की तेज साझेदारी हुई। मनल चौहान 47 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाले रखा। मोहित ने आखिरी विकेट के लिए चिगुरुपति वेंकट के साथ मिलकर 16 गेंदों में 30 रनों की नाबाद साझेदारी की। मोहित उल्वा ने केवल 26 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 49 रनों की धमाकेदार पारी खेली और टीम इंडिया को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से यादगार जीत दिला दी।