'ऐसी टीम बनाऊंगा जो...' क्या है गौतम गंभीर का 'एक दिन' वाला मास्टरप्लान? क्रिकेट जगत में मची खलबली
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने जो बयान दिया है उससे दुनियाभर की क्रिकेट टीम में खलबली मच गई है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Gautam Gambhir Press Conference: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में बता दिया कि आने वाले समय में भारतीय टीम मैदान पर किस सोच के साथ उतरने वाली है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से बेंगलुरू में होगा। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इस शृंखला की तैयारियों में जुट गई है और एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जमकर पसीना बहा रही है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कई अहम सवालों का जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि वो चाहते हैं कि टीम इंडिया रिस्क फ्री क्रिकेट खेले और ऐसा करने से उन्हें हाई रिवार्ड भी मिलेगा।
क्या है गौतम गंभीर का प्लान?
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''मैं ऐसी टीम बनाना चाहता हूं जो एक दिन में ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 400 रन बना दे और जरूरत पड़ने पर दो दिन तक बल्लेबाजी कर सके।
गौतम गंभीर ने ये भी कहा कि ऐसे भी दिन आएंगे जब टीम 400 बनाने के चक्कर में 100 रनों पर ऑलआउट हो जाएगी, लेकिन हम इसके लिए तैयार हैं और मुझे इससे कोई परेशानी नहीं होगी।
Advertisement
गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''हमें लोगों को क्यों पकड़कर रखना चाहिए? अगर वो अपना नेचुरल गेम खेलकर एक दिन में 400-500 रन बना सकते हैं तो क्यों नहीं बनाने चाहिए? हम आगे उसी तरह से खेलेंगे। ज्यादा जोखिम, ज्यादा इनाम। ऐसे दिन आएंगे जब हम 100 रनों पर ढेर हो जाएंगे लेकिन हम खिलाड़ियों को जोखिम भरा क्रिकेट खेलने के लिएप्रोत्साहित करना जारी रखेंगे।
विराट कोहली पर क्या बोले गंभीर?
Advertisement
बांग्लादेश के खिलाफ हुए सीरीज में टीम इंडिया को जीत तो मिली थी लेकिन टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला ज्यादा नहीं बोला था। न्यूजीलैंड सीरीज से पहले कोहली पर भरोसा जताते हुए कोच गंभीर ने कहा कि विराट को लेकर मेरी सोच एकदम स्पष्ट है कि वह विश्व स्तरीय क्रिकेटर है । उसने इतने साल से इतना अच्छा प्रदर्शन किया है । रनों को लेकर उसकी भूख वैसी ही है जैसी डेब्यू के समय थी। उन्होंने आगे कहा कि यही भूख उसे विश्व स्तरीय क्रिकेटर बनाती है। मुझे यकीन है कि वह इस श्रृंखला और आस्ट्रेलिया में भी रन बनाएगा।
भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
पहला टेस्ट, 16-20 अक्टूबर, बेंगलुरू
दूसरा टेस्ट, 24-28 अक्टूबर, पुणे
तीसरा टेस्ट- 1-5 नवंबर, मुंबई
इसे भी पढ़ें: T20 World Cup में सेमीफाइनल का फंसा पेंच, भारत, NZ और PAK में से किसकी होगी एंट्री? समझें समीकरण