T20 World Cup को लेकर गांगुली ने कोहली को दी अहम सलाह, IPL का दिया हवाला
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और IPL में दिल्ली कैपिटल्स के सदस्य सौरव गांगुली ने आगामी T20 वर्ल्ड कप को लेकर कोहली को अहम सलाह दी है।
- खेल समाचार
- 3 min read

T20 World Cup 2024: पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने आगामी T20 वर्ल्ड कप को लेकर भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को अहम सलाह दी है। गांगुली ने एक बयान में कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन को मौजूदा IPL सीजन में विराट कोहली के शानदार फॉर्म को देखते हुए अगले महीने होने वाले T20 वर्ल्ड कप में उनसे पारी का आगाज कराना चाहिए।
IPL 2024 में कोहली ने अब तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 153.51 के शानदार स्ट्राइक रेट और 70.44 की औसत के साथ 634 रन बनाए हैं। कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और ‘ओरेंज कैप’ उन्हीं के पास है। खास बात ये है कि ये स्ट्राइक रेट उनके करियर के 134.31 के स्ट्राइक रेट से काफी ज्यादा है।
विराट के फॉर्म को देखते हुए गांगुली की सलाह
गांगुली ने शुक्रवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम से इतर पीटीआई से कहा-
Advertisement
विराट बहुत ही शानदार खेल रहे हैं। बीती रात कोहली ने जो पारी खेली, जिसमें उन्होंने तेजी से 90 रन बनाए, उसे देखते हुए आपको उन्हें T20 वर्ल्ड कप में बतौर सलामी बल्लेबाज इस्तेमाल करना चाहिए। उनकी पिछली कुछ IPL पारियां देखें तो ये अद्भुत रही हैं, इसलिये उन्हें पारी का आगाज करना चाहिए।
'बेस्ट टीम चुनी गई'
दादा ने कहा कि भारत ने T20 विश्व कप के लिए संतुलित टीम का चयन किया है, जिसमें 17 साल के अंतराल बाद ट्राफी जीतने की काबिलियत है। भारत ने साउथ अफ्रीका में 2007 में पहले T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।गांगुली ने कहा-
Advertisement
ये बहुत अच्छी टीम है। मुझे लगता है कि उन्होंने सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है। बल्लेबाजी में गहराई के अलावा गेंदबाजी भी बेहतरीन दिखती है। बुमराह इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं। हमारे पास कुलदीप, अक्षर और सिराज का अनुभव है। इस बार टीम संयोजन आदर्श है।
'आने वाले सालों में भी आसानी से बनेंगे 250 रन'
बता दें कि IPL के मौजूदा चरण में 250 रन का स्कोर आसानी से बन रहा है और 51 साल के गांगुली ने कहा कि भविष्य में भी यही चलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा-
आने वाले सालों में भी यही चलन जारी रहेगा। T20 अब ताकत का खेल बन गया है और ऐसा होना ही था। मैं संजू सैमसन का बयान पढ़ रहा था, जिसमें उन्होंने कहा कि आधुनिक T20 में सुस्ताने की कोई जगह नहीं है। आपको सिर्फ हिट करना होता है और ये ऐसा ही रहेगा। अब हम IPL में लगातार 240, 250 रन के स्कोर देख रहे हैं। इसका मुख्य कारण बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच भी है और भारत में मैदान भी इतने ज्यादा बड़े नहीं हैं। पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स ने मिलकर 40 ओवर के मैच में 26 छक्के जड़े थे।
‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम पर क्या बोले गांगुली?
गांगुली ने कहा-
खिलाड़ी अब T20 को इसी तरह खेल रहे हैं। ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम ने भी इसमें एक और आयाम जोड़ दिया है, जिसमें प्रत्येक टीम एक और बल्लेबाज को शामिल कर सकती है।
सौरव गांगुली ने कहा कि गेंदबाजों को T20 में बल्लेबाजों की आक्रामकता को रोकने के लिए खुद के कौशल में इजाफा करने की जरूरत है और इसके लिए उन्होंने जसप्रीत बुमराह का उदाहरण दिया। बता दें कि बुमराह ने इस सीजन 12 मैचों में 6.20 की इकोनॉमी से 18 विकेट झटके हैं। गांगुली ने कहा कि गेंदबाजों के पास अब और अधिक कौशल होना चाहिए और भारत के पास कौशल रखने वाले गेंदबाज हैं। आप बुमराह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव को देखिए, जो खेल के सभी प्रारूपों और IPL में बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं।