अपडेटेड 20 September 2025 at 16:12 IST

जज्बे को सलाम... सिर से उठा पिता का साया, अंतिम संस्कार कर एशिया कप खेलने लौटे वेलालागे; फैंस को आई कोहली की याद

Dunith Wellalage: 22 साल के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालागे ने पिता का अंतिम संस्कार कर देश के लिए खेलने का फैसला किया है। इस वक्त उनका परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है, लेकिन वेलालागे ने हिम्मत दिखाई है और सुपर-4 में श्रीलंका के लिए खेलने का साहसी निर्णय लेकर करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया है।

Follow : Google News Icon  
dunith wellalage returns to play in asia cup after last rites of his father fans compares with virat kohli
दुनिथ वेलालागे के जज्बे को सलाम | Image: X/BCCI

Dunith Wellalage: श्रीलंका के उभरते हुए सितारे दुनिथ वेलालागे शायद इस समय अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे होंगे। एशिया कप 2025 में अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद पता चला कि उनके पिता का निधन हो गया है। मानो 22 साल के ऑलराउंडर के पैरों तले जमीन खिसक गई। जैसे ही टीम के मैनेजर ने ये दुखद खबर दी, वेलालागे मैदान पर ही रोने लगे। मैच के अगले दिन सुबह वो पिता को अंतिम विदाई देने घर पहुंचे।

श्रीलंकाई टीम सुपर-4 में पहुंच चुकी है और शनिवार को उनका सामना बांग्लादेश से है। इस बीच दुनिथ वेलालागे से जुड़ी ऐसी खबर आई है, जिसके बारे में जानकर आप उनके जज्बे को सलाम करेंगे। पिता का अंतिम संस्कार कर वेलालागे एशिया कप 2025 में लौटने को तैयार हैं और वो बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उपलब्ध भी होंगे।

दुनिथ वेलालागे के जज्बे को सलाम

22 साल के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालागे ने पिता का अंतिम संस्कार कर देश के लिए खेलने का फैसला किया है। इस वक्त उनका परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है, लेकिन वेलालागे ने हिम्मत दिखाई है और सुपर-4 में श्रीलंका के लिए खेलने का साहसी निर्णय लेकर करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया है। बता दें कि वेलालागे के पिता भी क्रिकेटर थे और शायद यही वजह है कि उनका बेटा क्रिकेट के जरिए उन्हें अंतिम विदाई देना चाहता है।

फैंस को आई विराट कोहली की याद

दो दिन पहले पिता का निधन और फिर अंतिम संस्कार कर एशिया कप खेलने लौटे दुनिथ वेलालागे को देखकर फैंस को विराट कोहली की याद आ रही है। दरअसल, 2006 में जब विराट रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेल रहे थे तब उनपर दुखों का पहाड़ टूटा। खबर मिली कि पिता प्रेम कोहली का निधन हो गया है। विराट कोहली उस वक्त बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद वो घर गए और पिता का अंतिम संस्कार किया और फिर अगले दिन मैदान पर बैटिंग करने पहुंच गए। उन्होंने दिल्ली के लिए कीमती पारी खेली और इस तरह से पिता को अंतिम विदाई दी थी।

Advertisement
Image

सुपर-4 में बांग्लादेश और श्रीलंका का मुकाबला

ग्रुप स्टेज के बाद एशिया कप के सुपर-4 दौर की शुरुआत होने वाली है। शनिवार (20 सितंबर) को श्रीलंका का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। ग्रुप स्टेज में जब दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था तब श्रीलंकाई टीम ने बांग्लादेश को 6 विकेट से शिकस्त दी थी।

एशिया कप 2025 में श्रीलंका का स्क्वाड

Advertisement

पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (डब्ल्यू), कामिल मिशारा, कुसल परेरा, चैरिथ असलानका (सी), कामिंडु मेंडिस, दासुन शनाका, वानिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, नुवान तुषारा, नुवानिदु फर्नांडो, बिनुरा फर्नांडो, चमिका करुणारत्ने, जेनिथ लियानगे, मथीशा पथिराना, महीश थीक्षाना

एशिया कप 2025 में बांग्लादेश का स्क्वाड

सैफ हसन, तंजीद हसन तमीम, लिट्टन दास (विकेटकीपर/कप्तान), तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जेकर अली, नुरुल हसन, नसुम अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब, शोरफुल इस्लाम, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफुद्दीन, महेदी हसन

इसे भी पढ़ें: कुर्बानी या कुछ और? 8 विकेट गिर गए... फिर भी बल्लेबाजी करने नहीं आए सूर्यकुमार यादव, कहीं वजह ये तो नहीं

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 20 September 2025 at 16:12 IST