T20 World Cup: 'जुनून के आगे पनौती...', टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर धीरेंद्र शास्त्री ने अलग अंदाज में दी बधाई, कहा- कड़े परिश्रम की जीत
भारत के तीसरे टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए इसे रणनीति और कड़े परिश्रम की जीत बताया है।
- खेल समाचार
- 4 min read

T20 World Cup Final: टीम इंडिया ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से मात देकर टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर पूरा देश खुशी से झुम उठा है। देर रात तक सड़कों पर आतिशबाजी और जश्न चलता रहा। कई आध्यात्मिक गुरुओं ने भी इस शानदार मैच का लुफ्त उठाया। जया किशोरी तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद रहकर इस शानदार जीत का गवाह बनीं। वहीं, अब टीम इंडिया को बधाई देने का सिलसिला भी जारी है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारतीय टीम को जीत अपने चिरपरिचित अंदाज में बधाई दी है।
भारत के तीसरे टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं देते हुए इसे रणनीति और कड़े परिश्रम की जीत बताया। अपने बधाई संदेश में महाराज जी ने 'पनौती' जैसे शब्दों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कोई भी दिन, मैदान या खिलाड़ी अशुभ नहीं होता। उन्होंने संदेश दिया कि यदि सही रणनीति, अटूट जोश और भगवान की कृपा साथ हो, तो हर बाधा को पार किया जा सकता है।
धीरेंद्र शास्त्री ने टीम इंडिया को दी बधाई
धीरेंद्र शास्त्री ने इस जीत को पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया और समस्त क्रिकेट प्रेमियों को बधाई देते हुए कहा, यदि आपके पास सही नीति और रणनीति हो, साथ में जोश, जुनून, लगन, मेहनत और भगवान की कृपा हो, तो हर मुश्किल पर पानी फेरा जा सकता है। टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल जीतने पर सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने भी बधाई दी है।
हम फिर चैंपियंस बनकर उभरे-सद्गुरु जग्गी वासुदेव
सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने कहा, "टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन, खेल पर पूरी तरह हावी रहा। पूरा देश इस तरह के प्रदर्शन का इंतजार कर रहा था... न्यूजीलैंड जैसी टीम को हराना, जो पूरे सीजन में हावी रही है - यहां हम सच में फाइनल में भारी पड़े और चैंपियंस बनकर उभरे। यह हर भारतीय के लिए खुशी की बात है।"
Advertisement
हमारे पास सबसे अच्छी टीम है- जया किशोरी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत के न्यूजीलैंड को करारी मात देने पर आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी ने कहा, "हमारे पास सबसे अच्छी टीम है और मैं पूरे देश को T20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई देती हूं"। जया किशोरी आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले का लुफ्त उठाने के लिए अहमदाबाद पहुंची थीं।
लगातार दूसरी बार जीता टी20 विश्व कप
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना पाई और भारत ने इस मैच को आसानी से 96 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने एक नया इतिहास रच दिया। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है।