अपडेटेड 18 February 2024 at 23:06 IST
IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम का ऐलान, धोनी को कमान; जानें किस-किस खिलाड़ी को मिली जगह
IPL का रोमांच शुरू होने में कुछ ही वक्त बचा है। अगले सीजन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। इस बीच IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम चुनी गई है, जिसकी कमान धोनी को मिली है।
- खेल समाचार
- 4 min read

MS Dhoni was elected Captain of the greatest IPL team of all Time: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है। भारत ने राजकोट में तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। युवा बल्लेबाजों, खासतौर पर यशस्वी जायसवाल ने मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी की है।
22 वर्षीय जायसवाल ने भारतीय फैंस को टेस्ट में T20 वाला मजा दिया है। जायसवाल ने टेस्ट में चौके-छक्कों की बरसात कर फैंस का भरपूर मनोरंजन किया है, लेकिन अब फैंस को जल्द T20 का असली मजा मिलने वाला है। दरअसल IPL का रोमांच शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही वक्त बचा है। दुनिया की इस सबसे लोकप्रिय T20 लीग के अगले सीजन की तैयारियां भी शुरू हो गईं हैं, लेकिन इस बीच IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम का ऐलान किया गया है, जिसका कप्तान किसी और को नहीं, बल्कि टूर्नामेंट और भारत के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी को चुना गया है।
धोनी ऑलटाइम बेस्ट IPL टीम के कप्तान
करिश्माई भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को रविवार को IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम का कप्तान चुना गया। इस टीम का चयन 2008 में शुरू की गई दुनिया की सबसे लोकप्रिय T20 लीग की सफलता का जश्न मनाने के लिए किया गया। दरअसल आगामी मंगलवार यानि 20 फरवरी को IPL की पहली नीलामी के 16 साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके को यादगार बनाने के लिए IPL की ब्रॉडकास्टर ‘स्टार स्पोर्ट्स’ ने पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों और करीब 70 पत्रकारों की मदद से IPL की सर्वकालिक महान टीम का चयन किया। इसके सिलेक्शन पैनल में वसीम अकरम, मैथ्यू हेडन, टॉम मूडी और डेल स्टेन जैसे दिग्गज पूर्व क्रिकेटर शामिल रहे।
Advertisement
टीम में कौन-कौन शामिल?
ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक बल्लेबाज डेविड वार्नर और भारत के महान खिलाड़ी विराट कोहली को सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम में चुना गया है, जबकि ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल को नंबर-3 बल्लेबाज के तौर पर शामिल किया गया है। इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में सुरेश रैना, एबी डिविलियर्स, सूर्यकुमार यादव और धोनी को जगह मिली है, जबकि हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा और कीरोन पोलार्ड ऑलराउंडर के रूप में 15 सदस्यीय टीम में चुने गए हैं। बड़ी बात ये है कि मौजूदा भारतीय कप्तान और मुंबई इंडियंस को 5 IPL खिताब जिताने वाले रोहित शर्मा को इस टीम में जगह नहीं दी गई है।
Advertisement
गेंदबाजी में किसे मिली जगह?
राशिद खान, सुनील नारायण और युजवेंद्र चहल को स्पिन गेंदबाज के तौर पर चुना गया है, जबकि टीम में लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह दो तेज गेंदबाज हैं। साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने टीम को लेकर कहा-
कप्तानी के लिए धोनी के नाम पर सहमति बनना तय था। उन्होंने हर खिताब जीता है। वर्ल्ड कप, IPL, चैंपियंस ट्रॉफी। उनमें कप्तानी के स्वाभाविक गुण हैं और मैदान के बाहर और अंदर उन्होंने चीजों को शानदार तरीके से निपटा है।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और कोच टॉम मूडी ने धोनी की उल्लेखनीय उपलब्धि पर जोर दिया। उन्होंने कहा-
धोनी ने अच्छी टीम के अलावा औसत टीम के साथ भी खिताब जीता है। ये उनके कप्तानी के गुण के बारे में बताता है। रोहित शर्मा भी अच्छे कप्तान हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस के पास हमेशा शानदार खिलाड़ी रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने कहा कि धोनी के पास टीम का कोच बनने की भी क्षमता है। उन्होंने कहा कि ये एक स्पष्ट विकल्प है, यहां कोई बहस नहीं है। ये पूरे भारतीय समुदाय के बीच एकमत होने जैसा है। बेशक, हिटमैन रोहित शर्मा भी एक शानदार कप्तान हैं लेकिन वो धोनी को कप्तान और कोच के रूप में भी चुनेंगे।
IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), विराट कोहली, क्रिस गेल, डेविड वार्नर, सुरेश रैना, एबी डिविलियर्स, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, कीरोन पोलार्ड, राशिद खान, सुनील नारायण, युजवेंद्र चहल, लसिथ मलिंगा और जसप्रीत बुमराह।
(भाषा इनपुट के साथ रिपब्लिक भारत डेस्क)
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 18 February 2024 at 23:06 IST