अपडेटेड 25 February 2024 at 21:15 IST

'एक दिन में तीन बार आउट करोगे?' ध्रुव जुरेल की IPL टीम ने लिए इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के मजे

भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट में इंग्लैंड की बुरी हालत है। मैच उसके हाथ से लगभग निकल चुका है। इस बीच इंग्लैंड के बेन स्टोक्स पर तंज कसे जा रहे हैं।

Follow : Google News Icon  
England Captain Ben Stokes
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स | Image: X@rajasthanroyals

Dhruv Jurel's IPL team has fun with England captain Ben Stokes: भारत (India) के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड (England) एक बार फिर बैकफुट पर नजर आ रहा है। रांची में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में इंग्लैंड का भट्ठा बैठ गया है। मैच उसके हाथ से लगभग निकल चुका है। भारत अपनी तीसरी जीत और सीरीज पर कब्जा करते हुए दिख रहा है। इन सबके बीच इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) फिर निशाने पर हैं।

इस बार पर उन पर सवाल कम, तंज ज्यादा कसे जा रहे हैं। फैंस तो फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल कर ही रहे हैं, लेकिन अब टीम के सदस्य ध्रुव जुरेल की IPL फ्रेंचाइजी ने भी बेन स्टोक्स के मजे लिए हैं। राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में बेन स्टोक्स के विकेट को लेकर उन्हें ट्रोल किया है।

स्टोक्स पर राजस्थान रॉयल्स का मजेदार पोस्ट

दरअसल बेन स्टोक्स के साथ दूसरी पारी में काफी कुछ घटा। जबरदस्त तरीके से टर्न हो रही पिच पर भारतीय स्पिनरों की गेंदें स्टोक्स के लिए एक पहेली जैसी थी, जिसे सुलझाने के चक्कर में स्टोक्स उलझ गए और ऐसा उलझे कि फिर बाहर ही नहीं निकल सके। 

Advertisement

राजस्थान रॉयल्स ने बेन स्टोक्स का फोटो शेयर करते हुए लिखा- 

एक दिन में तीन बार आउट करोगे?

राजस्थान रॉयल्स ने ये इसलिए लिखा, क्योंकि दूसरी पारी में स्टोक्स को दो जीवनदान मिले और वो तीसरी बार जाकर आउट हुए। स्टोक्स 110 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए। स्टोक्स ने अभी 6 गेंदें खेलीं थी कि रविंद्र जडेजा की बॉल पर उनके पैड पर लगी, लेकिन ऑनफील्ड अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया और भारत ने रिव्यू लिया, जिसमें गेंद विकेट को छूती हुई दिख रही थी, लेकिन चूंकि अंपायर ने उन्हें नॉटआउट दिया था तो वो नॉटआउट ही रहे। स्टोक्स को 'अंपायर्स कॉल' ने बचा लिया।

Advertisement

इसके बाद स्टोक्स अपनी पारी की 11वीं गेंद पर बाल-बाल बच गए। कुलदीप यादव की गेंद और उनकी गिल्लियों में बस कुछ ही इंच का फासला रह गया। इस तरह उन्हें दूसरा जीवनदान मिला, लेकिन तीसरी बार वो नहीं बच पाए। कुलदीप यादव की जादुई गेंद उनकी टांगों से निकलते हुए सीधी विकेट पर जा लगी। स्टोक्स बोल्ड होकर महज 4 के स्कोर पर डगआउट लौट गए। इसी को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने स्टोक्स के मजे लिए हैं कि एक दिन में तीन बार आउट करोगे। 

ये भी पढ़ें- रांची टेस्ट के बीच वायरल हो रहा धोनी की पहली नौकरी का अप्वॉइंटमेंट लेटर, आपने देखा क्या?

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 25 February 2024 at 21:15 IST