अपडेटेड 21 February 2024 at 21:49 IST

AUS vs NZ 1st T20I: ऑस्ट्रेलिया की पहले टी20 में न्यूजीलैंड पर रोमांचक जीत

टिम डेविड ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।

Follow : Google News Icon  
Tim David smashes 4 runs off the last ball
Tim David smashes 4 runs off the last ball | Image: X

AUS vs NZ 1st T20I: टिम डेविड ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से रोमांचक जीत दिलाई।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 215 रन बनाए, जिसमें 13 छक्के और 10 चौके शामिल हैं। उसकी तरफ से डेवोन कॉनवे (46 गेंद पर 63 रन, पांच चौके, दो छक्के) और रचिन रविंद्र (35 गेंद पर 68 रन, दो चौके, छह छक्के) ने अर्धशतक जमाए जबकि सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने 17 गेंद पर 32 रन का योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाने में कप्तान मिशेल मार्श का अहम योगदान रहा जिन्होंने 44 गेंद पर नाबाद 72 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया अपना तीसरा सर्वोच्च लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। मार्श ने अपनी पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

मैच के आखिर में डेविड (10 गेंद पर नाबाद 31 रन, दो चौके तीन छक्के) ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 19वें ओवर की अंतिम तीन गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 19 रन की दरकार थी। न्यूजीलैंड ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी को अंतिम ओवर करने की जिम्मेदारी सौंपी। उनकी पहली दो गेंद वाइड चली गई। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम तीन गेंद पर 12 रन की जरूरत थी।

Advertisement

डेविड ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया और अगली गेंद पर दो रन लिए। इसके बाद उन्होंने विजयी चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 216 रन पर पहुंचाया और उसे तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे कर दिया। 

Advertisement

यह भी पढ़ें- IND vs ENG: चौथे टेस्ट मैच से पहले शुभमन गिल ने तेज गेंदबाजों के बारे में कही बड़ी बात - Republic Bharat
 

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 21 February 2024 at 21:49 IST