'अर्शदीप ने डेरिल मिचेल को गेंद मारकर कोई गलती नहीं की, किसी भी बॉलर को दो छक्के...', गेंदबाज के समर्थन में खुलकर उतरे गौतम गंभीर

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच हुई तीखी बहस पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है।

Arshdep made no mistake in hitting the ball to Daryl Mitchell
अर्शदीप के सपोर्ट में आए गौतम गंभीर | Image: ANI/X

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल पर तेजी से गेंद फेंक दिया था। इसके बाद मैदान में दोनों के बीच हल्की नोकझोंक भी हो गई थी। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में अर्शदीप सिंह पर जुर्माना लगाया है। अब पूरे विवाद पर कोच गौतम गंभीर की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि मैं अपने प्लेयर्स से इसी तरह के रिस्पॉन्स की उम्मीद रखता हूं।


आईसीसी ने भारतीय गेंदबाज अर्शदीप पर आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाते हुए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। यह घटना ICC कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 के दायरे में आती है, जो किसी खिलाड़ी की ओर गेंद या कोई उपकरण खतरनाक तरीके से फेंकने को खेल भावना के खिलाफ मानता है!

अर्शदीप को माफी मांगने की जरूरत नहीं थी-गौतम गंभीर

ANI को दिए एक इंटरव्यू में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्शदीप सिंह और डेरिल मिशेल के बीच हुई तीखी बहस पर कहा, "आप अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आपका अग्रेशन दिखाना लाजमी है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मैं अपने प्लेयर्स से इसी तरह का रिस्पॉन्स देखना चाहता हूं। अगर अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिशेल से माफी नहीं भी मांगी होती तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं थी।"

डिरेल और अर्शदीप के बीच क्या हुआ था?

रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मैच खेला गया था। न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में अर्शदीप ने अपनी गेंदबाजी के फॉलो-थ्रू में गेंद को फील्ड किया और उसे स्टंप्स की ओर थ्रो किया, लेकिन गेंद सीधे डेरिल मिचेल के पैड पर लग गई। मिचेल काफी नाराज हो गए और अर्शदीप की ओर बढ़े, जिससे मैदान पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।

Advertisement

इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच में आकर स्थिति संभाली। अर्शदीप ने ओवर की आखिरी गेंद के बाद मिचेल से माफी मांगी और दोनों ने गले मिलकर मामला शांत किया। मगर ICC ने अर्शदीप को दोषी पाते हुए जुर्माना लगाया है। बता दें कि भारत ने T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अर्शदीप ने मैच में चार ओवर में 32 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं लिया।

यह भी पढ़ें: 'देश में सभी धर्म...', गौतम गंभीर के बयान पर कीर्ति आजाद का पलटवार

Advertisement
Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड