अपडेटेड 14 March 2024 at 20:32 IST

'सबसे कम रन बनाने वाला बल्लेबाज होने के बावजूद…', मुंबई के रणजी ट्रॉफी जीतने के बाद बोले रहाणे

मुंबई को रणजी ट्रॉफी का 42वां खिताब जिताने वाले अजिंक्य रहाणे ने अपने खेल को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद वो खुश हैं।

Follow : Google News Icon  
Ajinkya Rahane during Ranji Trophy final
मुंबई को रणजी ट्रॉफी का 42वां खिताब जिताने वाले कप्तान अजिंक्य रहाणे | Image: BCCI

Ajinkya Rahane's statement after Mumbai wins 2024 Ranji Trophy: मुंबई एक बार फिर रणजी चैंपियन बनी है। मुंबई ने विदर्भ को हराकर 2024 रणजी ट्रॉफी खिताब जीता है, जिसके बाद मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे बहुत खुश हैं। 

अजिंक्य रहाणे के लिए बल्ले से रणजी ट्रॉफी का ये सीजन बेशक बहुत खराब रहा, लेकिन गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वो ‘सबसे खुश खिलाड़ी’ थे, जिनकी कप्तानी में मुंबई 42वीं बार देश के इस बड़े घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन बनी। मुंबई ने विदर्भ को 169 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

रहाणे ने 2024 रणजी ट्रॉफी में महज 214 रन बनाए हैं। वो मुंबई के लिए इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की तालिका में नौवें स्थान पर रहे। उन्होंने हालांकि फाइनल की दूसरी पारी में 73 रन बनाने के साथ 130 रन की साझेदारी कर मैच को विदर्भ की पहुंच से दूर कर दिया।

रणजी खिताब जीत के बाद क्या बोले रहाणे?

Advertisement

रहाणे ने मैच के बाद अवॉर्ड फंक्शन में कहा- 

मैं अपनी टीम के लिए सबसे कम रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक हूं, लेकिन आज मैं सबसे ज्यादा खुश हूं। एक खिलाड़ी के तौर पर आपको अच्छे और बुरे समय का सामना करना पड़ता है। ये ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल बनाने और एक दूसरे की सफलता का लुत्फ उठाने के बारे में है। यह मेरे लिये विशेष क्षण है। पिछले सत्र में हम एक रन से नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए थे। हमें टीम में सही माहौल तैयार करना था। हम टीम में फिटनेस संस्कृति बनाने में सफल रहे। मैं हर तरह का समर्थन करने के लिए एमसीए का शुक्रिया करना चाहूंगा। 

Advertisement

विदर्भ टीम की तारीफ की

रहाणे ने इस दौरान मैच के चौथे और पांचवें दिन शानदार जज्बा दिखाने के लिए विदर्भ की तारीफ की। उन्होंने कहा- 

मैं विदर्भ के संघर्ष की तारीफ करना चाहूंगा। जीत के लिए 538 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हार मानना आसान है, लेकिन उन्होंने संघर्ष करने का जज्बा दिखाया। 

मुशीर-तनुश ने जीते बड़े अवॉर्ड

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मुशीर खान और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' तनुश कोटियान अपने कप्तान के मार्गदर्शन के लिए आभारी थे। 

मुशीर ने कहा- 

मुझे उनके साथ बल्लेबाजी करने में मजा आया। हमारी साझेदारी के दौरान, वह बहुत अच्छी तरह से समझते थे कि मुझ से क्या उम्मीद है।

कोटियान ने रहाणे को उनकी वास्तविक बल्लेबाजी क्षमता को उजागर करने में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया, जिससे उन्होंने सत्र में 500 से अधिक रन बनाए। उन्होंने कहा-

पिछले साल मुझे अपनी बल्लेबाजी पर थोड़ा अधिक भरोसा हुआ और मैंने अपने पिता के साथ कड़ी मेहनत की। अज्जू दादा (मुंबई टीम के युवा उन्हें इसी तरह संबोधित करते हैं) ने भी मेरी बहुत मदद की।

कुलकर्णी के संन्यास पर रहाणे का बयान

रहाणे ने संन्यास लेने वाले तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी की तारीफ करते हुए कहा कि मुंबई क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए उनके बारे में कुछ भी कहना कम होगा। कुलकर्णी ने मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी के छह फाइनल खेले हैं और पांच बार इसके विजेता रहे हैं। बता दें कि कुलकर्णी ने पहले ही इस सीजन के समापन के बाद संन्यास की घोषणा की थी।

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के फुटबॉलर ने मचा दी सनसनी, बीच मैदान अपने गे पार्टनर को कर दिया प्रपोज

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 14 March 2024 at 20:32 IST