अपडेटेड 1 January 2025 at 07:13 IST
17 साल के आयुष म्हात्रे ने तोड़ा यशस्वी जायसवाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 15 चौके और 11 छक्के लगाकर कर डाला ये कारनामा
जहां एक ओर यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया में कंगारूओं के खिलाफ धूम मचा रहे हैं वहीं दूसरी ओर भारत में एक 17 साल का खिलाड़ी उनका वर्ल्ड रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Ayush Mhatre Record: जहां एक ओर यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया में कंगारूओं के खिलाफ धूम मचा रहे हैं वहीं दूसरी ओर भारत में एक 17 साल का खिलाड़ी उनका वर्ल्ड रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया है। विजय हजारे ट्रॉफी में 17 साल के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने यशस्वी जायसवाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए क्रिकेट जगत में तहलका मचा रखा है।
आयुष म्हात्रे ने यशस्वी जायसवाल का लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 150 रन से बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आयुष ने भी उसी टीम की ओर से खेलते हुए ये रिकॉर्ड तोड़ा जिस टीम की ओर से खेलते हुए यशस्वी जायसवाल ने ये रिकॉर्ड जड़ा था।
आयुष म्हात्रे ने तोड़ा यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड
आयुष म्हात्रे ने मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी में 181 रन की पारी खेली। उन्होंने नगालैंड के खिलाफ 117 गेंद की अपनी पारी में 15 चौके और 11 छक्के जमाए। जायसवाल 17 साल और 291 दिन के थे, जब उन्होंने 2019 में झारखंड के खिलाफ मुंबई के लिए खेलते हुए ये उपलब्धि हासिल की थी। म्हात्रे ने 17 साल और 168 दिन की उम्र में ये कारनामा कर दिखाया है।
मुंबई ने जीता मुकाबला
इस सत्र की शुरुआत में मुंबई के लिए डेब्यू करने वाले म्हात्रे ने 11 छक्कों और 15 चौकों की मदद से केवल 117 गेंदों पर 181 रन बनाए। उनकी इस पारी से मुंबई ने 50 ओवर में सात विकेट पर 403 रन बनाये। इसके जवाब में नगालैंड की टीम 9 विकेट पर 214 रन ही बना सकी। मुंबई ने यह मैच 189 रन से अपने नाम किया। मुंबई की यह 5 मैचों में तीसरी जीत है। वह ग्रुप में 12 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है।
Advertisement
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर यशस्वी का परफॉर्मेंस
यशस्वी जायसवाल इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। भारत के ज्यादातर बैटर इस दौरे पर फ्लॉप साबित हो रहे हैं, दूसरी ओर यशस्वी रन बरसा रहे हैं। पर्थ में शतक बनाने वाले यशस्वी जायसवाल ने मेलबर्न टेस्ट की पहली पारी में 82 और दूसरी पारी में 84 रन बनाए थे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 3 जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा।
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 1 January 2025 at 07:13 IST