Advertisement

Updated April 19th, 2024 at 14:54 IST

छत्तीसगढ़: बस्तर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, दोपहर तक 42% से ज्यादा वोटिंग

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर एक बजे तक क्षेत्र के 42.57 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 

Reported by: Digital Desk
Chhattisgarh Voting
छत्तीसगढ़ में मतदान जारी | Image:PTI
Advertisement

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर शुक्रवार अपराह्न एक बजे तक क्षेत्र के 42.57 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें से कोंडागांव, नारायणपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा तथा जगदलपुर के 72 मतदान केंद्र में सुबह सात बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। इन क्षेत्रों में मतदाता अपराह्न तीन बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के बस्तर और जगदलपुर के शेष 175 मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। बस्तर क्षेत्र में कुल 14,72,207 मतदाता हैं, जिनमें से 7,71,679 महिला और 7,00,476 पुरुष मतदाता हैं। क्षेत्र में थर्ड जेंडर के 52 मतदाता हैं। क्षेत्र में कुल 1961 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर एक बजे तक क्षेत्र के 42.57 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर लिया। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का आह्वान किया है लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार के उपयोग के लिए बाहर निकल रहे हैं। क्षेत्र में गर्मी को देखते हुए सुबह से मतदान केंद्रों के सामने लंबी कतारें देखी गई है। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं।

Advertisement

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षाबलों के 60 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा चुनाव बहिष्कार की घोषणा को देखते हुए बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।

इस बीच क्षेत्र के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक सहायक सेनानी (कमांडेंट) घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भैरमगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिहका मतदान केंद्र के करीब प्रेशर बम में विस्फोट होने से सीआरपीएफ के सहायक सेनानी मनु एचसी घायल हो गए हैं। घायल अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

वहीं एक अन्य घटना में बीजापुर जिले में ही अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल) का एक गोला दुर्घटनावश फट जाने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गलगम गांव के करीब यूबीजीएल का गोला फटने से सीआरपीएफ की 196 वीं बटालियन का एक जवान घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षाबल के जवान चिहका और गलगम मतदान केंद्र के करीब नक्सल विरोधी अभियान पर थे। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला यहां सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस के मध्य है। 2000 में पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद नक्सल प्रभावित इस लोकसभा क्षेत्र में 2004, 2009 और 2014 में भाजपा के उम्मीदवार की जीत हुई थी। लेकिन 2019 में यहां के मतदाताओं ने कांग्रेस के उम्मीदवार दीपक बैज पर भरोसा जताया था।

Advertisement

बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लिए इस बार सत्ताधारी दल भाजपा ने एक नए चेहरे महेश कश्यप को मैदान में उतारा है। कश्यप पूर्व में विश्व हिंदू परिषद के सदस्य रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने अपने मौजूदा सांसद दीपक बैज, जो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं का टिकट काटकर कोंटा क्षेत्र के विधायक कवासी लखमा को मैदान में उतारा है।

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published April 19th, 2024 at 14:54 IST

आपकी आवाज. अब डायरेक्ट.

अपने विचार हमें भेजें, हम उन्हें प्रकाशित करेंगे। यह खंड मॉडरेट किया गया है।

Advertisement

न्यूज़रूम से लेटेस्ट

8 घंटे पहलेे
21 घंटे पहलेे
1 दिन पहलेे
1 दिन पहलेे
2 दिन पहलेे
2 दिन पहलेे
4 दिन पहलेे
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Whatsapp logo