Utpanna Ekadashi 2026: 4 या 5 दिसंबर कब है उत्पन्ना एकादशी? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व

हिंदू धर्म में उत्पन्ना एकादशी का अत्यधिक महत्व है, जो पूरी तरह से भगवान विष्णु की आराधना और व्रत को समर्पित है। ऐसी मान्यता है कि इस पावन दिन सच्चे मन से उपवास रखने और श्रीहरि की विधि-विधान से पूजा करने से व्यक्ति के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

Utpanna Ekadashi 2026: 4 या 5 दिसंबर कब है उत्पन्ना एकादशी? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व
Utpanna Ekadashi 2026: 4 या 5 दिसंबर कब है उत्पन्ना एकादशी? जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व | Image: Meta AI

सनातन धर्म में एकादशी व्रत को समस्त व्रतों में श्रेष्ठ और जगत के पालनहार भगवान विष्णु को समर्पित सबसे पावन तिथि माना गया है। प्रत्येक माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष में आने वाली इस तिथि का अपना विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इन सभी में मार्गशीर्ष (अगहन) मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी बेहद खास मानी जाती है, जिसे उत्पन्ना एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन देवी एकादशी का प्राकट्य हुआ था। इसलिए जो श्रद्धालु पहली बार एकादशी का व्रत प्रारंभ करना चाहते हैं, उनके लिए यह दिन सर्वोत्तम माना जाता है।

उत्पन्ना एकादशी 2026 की तिथि 

वैदिक पंचांग की गणना के अनुसार, वर्ष 2026 में मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि का आरंभ 3 दिसंबर 2026 को रात 11 बजकर 03 मिनट पर होगा। वहीं, इस तिथि का समापन अगले दिन यानी 4 दिसंबर को रात 11 बजकर 44 मिनट पर होगा। उदया तिथि की मान्यता को देखते हुए, इस वर्ष उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर 2026, शुक्रवार को रखा जाएगा।

उत्पन्ना एकादशी पूजा की शुभ मुहूर्त 

4 दिसंबर को भगवान विष्णु और माता एकादशी की विधि-विधान से आराधना के लिए दिन भर में कई शुभ संयोग बन रहे हैं। 
ब्रह्म मुहूर्त- सुबह 05:10 बजे से 06:04 बजे तक
प्रातः संध्या- सुबह 05:37 बजे से 06:59 बजे तक
अभिजित मुहूर्त- सुबह 11:50 बजे से दोपहर 12:32 बजे तक
विजय मुहूर्त- दोपहर 01:55 बजे से 02:37 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त- शाम 05:21 बजे से 05:49 बजे तक
सायाह्न संध्या- शाम 05:24 बजे से 06:45 बजे तक

व्रत पारण का समय 

एकादशी व्रत का पूर्ण फल प्राप्त करने के लिए द्वादशी तिथि में सही समय पर पारण करना अनिवार्य होता है। उत्पन्ना एकादशी व्रत का पारण 5 दिसंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। इस दिन पारण का शुभ मुहूर्त सुबह 06 बजकर 59 मिनट से 09 बजकर 04 मिनट तक रहेगा। बता दें कि द्वादशी तिथि का समापन 5 दिसंबर की रात 12 बजकर 51 मिनट पर होगा।

Advertisement

उत्पन्ना एकादशी की पौराणिक कथा 

पौराणिक शास्त्रों के अनुसार, प्राचीन काल में 'मुर' नामक एक अत्यंत क्रूर और शक्तिशाली दानव था। उसके अत्याचारों से तीनों लोक और समस्त देवता त्रस्त थे। एक बार जब वह भगवान विष्णु से युद्ध करने पहुँचा, तो लंबे संग्राम के बाद श्रीहरि कुछ क्षण विश्राम करने के लिए बद्रिकाश्रम की एक गुफा में शयन करने लगे। मुर ने इसे अवसर मानकर सोते हुए भगवान विष्णु पर प्रहार करने का प्रयास किया।

उसी क्षण भगवान विष्णु के दिव्य शरीर से एक तेजस्वी कन्या प्रकट हुई और उसने भीषण युद्ध कर मुर दानव का वध कर दिया। जब श्रीहरि की निद्रा खुली, तो देवी के इस पराक्रम से वे अत्यंत प्रसन्न हुए और उन्हें वरदान मांगने को कहा। देवी ने निस्वार्थ भाव से जगत के कल्याण और व्रत करने वाले भक्तों के पापों के नाश का वरदान मांगा। भगवान विष्णु ने प्रसन्न होकर उन्हें 'एकादशी' नाम दिया और वरदान दिया कि मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की इस तिथि पर उत्पन्न होने के कारण यह दिन 'उत्पन्ना एकादशी' कहलाएगा। तभी से इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता एकादशी की पूजा करने की परंपरा चली आ रही है।

Advertisement

ये भी पढ़ें - Viral: शादी में दूल्हा-दुल्हन की 'बबल एंट्री' ने लूटी महफिल, वायरल वीडियो देख चकराया लोगों का दिमाग- VIDEO

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड